प्रदूषण की वजह से बदला क्रिकेट मैच का शेड्यूल, दिल्ली से BCCI ने छीनी मेजबानी, कहां होगा नया वेन्यू?

दिल्ली की हवा एक बार फिर इतनी जहरीली हो चुकी है कि न सिर्फ आम लोगों की सेहत दांव पर लग गई है, बल्कि खेल आयोजनों पर भी इसका सीधा असर पड़ने लगा है.

Schedule of cricket match changed due to pollution in Delhi
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

दिल्ली की हवा एक बार फिर इतनी जहरीली हो चुकी है कि न सिर्फ आम लोगों की सेहत दांव पर लग गई है, बल्कि खेल आयोजनों पर भी इसका सीधा असर पड़ने लगा है. राजधानी में हवा की गुणवत्ता लगातार “बहुत खराब” से “गंभीर” श्रेणी में बनी हुई है, और इसी कारण भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को बड़ा कदम उठाना पड़ा.

बोर्ड ने तत्काल प्रभाव से अंडर-23 वनडे टूर्नामेंट के नॉकआउट मुकाबलों की मेजबानी दिल्ली से वापस लेते हुए मुंबई को नया वेन्यू चुन लिया है. यह कदम बोर्ड ने खिलाड़ियों की सुरक्षा और मैचों की निष्पक्षता को ध्यान में रखते हुए उठाया है.

मुंबई को मिली नई जिम्मेदारी

इंडस्ट्री सूत्रों के मुताबिक, नॉकआउट चरण के मुकाबले अगले सप्ताह दिल्ली में खेले जाने थे. मगर हवा की बढ़ती विषाक्तता ने बोर्ड को फैसला बदलने पर मजबूर कर दिया. मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) ने पुष्टि की है कि BCCI ने उनसे संपर्क कर उन्हें 25 नवंबर से 1 दिसंबर तक मैच कराने की तैयारी शुरू करने के निर्देश दिए हैं.

राजधानी में पिछले कई दिनों से AQI 350–400 के बीच दर्ज हो रहा है, जो अंतरराष्ट्रीय मानकों के मुताबिक बेहद खतरनाक स्तर है. ऐसे माहौल में खिलाड़ियों के लिए मैदान पर उतरना स्वास्थ्य जोखिम बन सकता था. इसके विपरीत, मुंबई में हवा अपेक्षाकृत साफ है, इसलिए बोर्ड ने तुरंत वेन्यू बदलने का फैसला कर लिया.

टूर्नामेंट के शेड्यूल पर बदलाव के बादल

ग्रुप स्टेज की अंतिम लीग मैच 21 नवंबर को समाप्त होने वाली हैं, जिसके बाद आधिकारिक नॉकआउट टाइमटेबल सामने आएगा. हालांकि, यह स्पष्ट है कि नॉकआउट का पूरा चरण अब मुंबई में ही आयोजित होगा, इसलिए शेड्यूल में हल्के बदलाव भी देखने पड़ सकते हैं.

दिल्ली में लगातार रद्द हो रहे हैं आयोजन

दिल्ली में नवंबर महीने की हवा की स्थिति पिछले कुछ वर्षों से परेशानी का कारण रही है, और इस सीजन में भी यह पैटर्न दोहराया गया. यह मौजूदा क्रिकेट सीजन में दूसरी बार है जब BCCI को राजधानी से मैच हटाने पड़े हैं.

पहले भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका टेस्ट सीरीज का ओपनिंग टेस्ट दिल्ली से हटाकर कोलकाता ले जाया गया था क्योंकि हवा की गुणवत्ता नवंबर में बेहद खराब रहने की आशंका थी. इससे पहले अक्टूबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ हुए टेस्ट मैच को ही मुश्किल से दिल्ली में कराया जा सका था.

ये भी पढ़ें- McDonald ने भारतीय नागरिक को दिया 35 लाख का इनाम, रेस्‍तरां ने अमेरिका में ऑफर किया डिनर, जानें वजह