9/11 Attack: अमेरिका में हुए 9/11 आतंकी हमले को लेकर एक बार फिर बड़ा खुलासा हुआ है. गुप्त दस्तावेजों और नए सामने आए वीडियो से पता चला है कि जिस संदिग्ध व्यक्ति से हमले के बाद एफबीआई ने पूछताछ की थी, उसके सऊदी अधिकारियों के साथ भी करीबी संबंध थे. बीबीसी की जांच रिपोर्ट के मुताबिक, सामने आए पुराने वीडियो में इस शख्स को 9/11 हमले के काफी समय बाद अलकायदा के आतंकी अनवर अल-अवलाकी के साथ पेंटबॉल खेलते हुए देखा गया है.
बीबीसी के अनुसार, वीडियो में उमर अल-बायौमी को अनवर अल-अवलाकी को गले लगाते हुए देखा जा सकता है. बायौमी ने कई साल तक अलकायदा से किसी भी तरह के संबंध होने से इनकार किया था. एक अन्य वीडियो में दोनों को सऊदी अरब के इस्लामिक मामलों के मंत्रालय से जुड़े एक अधिकारी के साथ सैन डिएगो के पास पेंटबॉल खेलते हुए देखा गया है.
FBI के पास सबूत थे, फिर सऊदी कनेक्शन क्यों नहीं खुला?
रिपोर्ट के मुताबिक, ये वीडियो एफबीआई को 2001 में 9/11 हमले के कुछ दिनों बाद ही मिल गए थे. बाद में इन्हें उन सबूतों में शामिल किया गया, जिन्हें 9/11 पीड़ितों के परिवारों ने सऊदी अरब के खिलाफ करीब 1 ट्रिलियन डॉलर के मुकदमे में पेश किया. परिवारों का आरोप है कि उमर अल-बायौमी ने 19 अपहरणकर्ताओं में से दो की मदद की थी, जिन्होंने 9/11 हमलों को अंजाम दिया था. हालांकि, सऊदी अरब ने लगातार किसी भी तरह की भूमिका या मिलीभगत से इनकार किया है.
अलकायदा के भविष्य के आतंकी के साथ पेंटबॉल
उमर अल-बायौमी 1994 में सऊदी अरब से सैन डिएगो पहुंचा था. उसने बताया था कि वह अंग्रेजी की पढ़ाई करने के लिए अमेरिका आया है. लेकिन बाद में सामने आए अदालती रिकॉर्ड के मुताबिक, उसने पढ़ाई लगभग छोड़ दी थी और धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन में ज्यादा सक्रिय हो गया था. बीबीसी के अनुसार, 1997 या 1998 की शुरुआत में बनाए गए वीडियो में बायौमी, अलकायदा के भविष्य के आतंकी अनवर अल-अवलाकी और कुछ अन्य लोगों के साथ सैन्य अंदाज वाले पेंटबॉल खेल में शामिल दिखाई देता है. कुछ लोगों ने सैन्य जैसी पोशाक पहन रखी थी, जबकि कुछ लोग आगे बढ़ते समय 'अल्लाहु अकबर' के नारे लगा रहे थे.
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, 9/11 हमलों के बाद बायौमी की जांच कर रहे एफबीआई अधिकारियों को बताया गया था कि कुछ लोग इन पेंटबॉल सत्रों का इस्तेमाल जिहाद की ट्रेनिंग के लिए करते थे. वहीं, अनवर अल-अवलाकी के कट्टरपंथी गतिविधियों के बारे में बड़े स्तर पर जानकारी सामने आने से पहले ही उसके अलकायदा से संपर्क थे. जनवरी 1998 की एक अन्य वीडियो क्लिप में बायौमी को अल-अवलाकी को गले लगाते हुए देखा गया है. कुछ अन्य फुटेज में वह सऊदी अधिकारियों और इस्लामिक मामलों के मंत्रालय से जुड़े धार्मिक लोगों के साथ मुलाकात करता भी नजर आता है.
ये भी पढ़ें- पाकिस्तान के पास तुर्की के कई खतरनाक हथियार, भारत के खिलाफ प्रोपेगेंडा वीडियो में PAF ने दिखाई ताकत