कुआलालंपुर से चेन्नई आ रही Malaysia Airlines की फ्लाइट MH156 में उस वक्त अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब उड़ान के दौरान विमान में तकनीकी समस्या सामने आई. विमान में 186 यात्री सवार थे. समस्या को देखते हुए पायलट ने बिना देरी किए एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इसकी जानकारी दी और चेन्नई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी. बताया जा रहा है कि विमान के दूसरे इंजन में खराबी महसूस हुई थी, जिसके बाद सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लैंडिंग की प्रक्रिया शुरू की गई.
चेन्नई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी तैयारियां
विमान की आपात स्थिति की सूचना मिलते ही चेन्नई एयरपोर्ट प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए फायर टेंडर, एम्बुलेंस और CISF जवानों को अलर्ट कर दिया. कुछ ही देर बाद विमान ने रनवे पर सुरक्षित लैंडिंग की. इसके बाद विमान में मौजूद सभी 186 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है और एयरपोर्ट पर परिचालन सामान्य रूप से जारी रहा.
तकनीकी टीम कर रही विमान की जांच
एयरलाइन के प्रवक्ता के मुताबिक, विमान में आई तकनीकी समस्या के कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित टेक्निकल टीम जांच कर रही है. विमान की भी विस्तृत जांच की जा रही है, ताकि खराबी की वास्तविक वजह सामने आ सके. फिलहाल घटना के बाद यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया है और चेन्नई एयरपोर्ट का कामकाज सामान्य बताया गया है.