Kal Ka Mausam 8 September: देश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला अभी थमा नहीं है, लेकिन मानसून अब धीरे-धीरे विदाई की ओर बढ़ रहा है. उत्तर भारत में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने लगी हैं, जबकि पूर्वी राज्यों और कुछ पहाड़ी इलाकों में अभी भी बादल जमकर बरस रहे हैं. मौसम विभाग ने 8 सितंबर के लिए देश के 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश की संभावना जताई है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में मौसम करवट ले सकता है.
दिल्ली-NCR में बादल छाए रहेंगे, बारिश के आसार
राजधानी दिल्ली और एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुककर बारिश देखने को मिल रही है. हालांकि मानसून की विदाई के साथ आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है. 8 सितंबर को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
उत्तर प्रदेश में कई जगह बरसेंगे बादल
उत्तर प्रदेश के मौसम की बात करें तो पूर्वी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां ज्यादा प्रभावी रह सकती हैं. आईएमडी के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में व्यापक बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है. वहीं पश्चिमी यूपी में बारिश का असर सीमित रहेगा और कुछ जिलों में छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है.
बिहार में बारिश के साथ आंधी-बिजली का अलर्ट
बिहार में बारिश का दौर अभी जारी है और कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति भी बनी हुई है. ऐसे में 8 सितंबर को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में व्यापक बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने कुछ जगहों पर भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका जताई है. ऐसे मौसम में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी.
MP-छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अनुमान
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है. पूर्वी मध्य प्रदेश में 8 सितंबर को भारी बारिश होने की संभावना है, साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की या छिटपुट बारिश हो सकती है. छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश के आसार हैं और 8 से 11 सितंबर तक आंधी-तूफान व बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है.
बंगाल-झारखंड में भी बारिश बढ़ाएगी मुश्किलें
पश्चिम बंगाल और झारखंड के कई हिस्सों में भी बारिश का असर देखने को मिल सकता है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं झारखंड में 8 से 11 सितंबर के दौरान व्यापक बारिश का अनुमान है. मौसम विभाग ने आगे के दिनों में गरज-चमक और बिजली गिरने को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी है.
राजस्थान में कमजोर पड़ेगा मानसून
राजस्थान में मानसून की गतिविधियां अब कमजोर पड़ने लगी हैं और अगले एक सप्ताह तक ज्यादातर हिस्सों में बारिश कम रहने का अनुमान है. हालांकि भरतपुर, जयपुर और कोटा संभाग के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, 12-13 सितंबर के आसपास पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान में बारिश का एक नया दौर शुरू होने की संभावना बन रही है.
तमिलनाडु में बारिश के साथ बढ़ेगी गर्मी-उमस
तमिलनाडु में अगले पांच दिनों तक पश्चिमी घाट से जुड़े जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है. राज्य के अन्य हिस्सों में भी कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है. हालांकि अंदरूनी इलाकों में गर्मी और उमस परेशान कर सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों में कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 4 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है.
इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
8 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश की संभावना है. वहीं उत्तराखंड, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, दिल्ली, तमिलनाडु और राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. ऐसे में मानसून की विदाई के बीच कई राज्यों में मौसम का असर अभी कुछ और दिनों तक देखने को मिल सकता है.
ये भी पढ़ें: 6 सीटों पर उपचुनाव का ऐलान, 6 अक्टूबर को होगी वोटिंग; जानिए कब आएगा रिजल्ट