सभी भारतीय खिलाड़ी अभिषेक शर्मा से जलते थे... संजू सैमसन ने किया बड़ा खुलासा, बताई इसकी वजह

भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज संजू सैमसन ने अपने ओपनिंग पार्टनर अभिषेक शर्मा को लेकर दिलचस्प खुलासा किया है.

Sanju Samson said Indian players were jealous of Abhishek Sharma
Image Source: ANI

भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज संजू सैमसन ने अपने ओपनिंग पार्टनर अभिषेक शर्मा को लेकर दिलचस्प खुलासा किया है. सैमसन ने कहा कि शुरुआत में टीम के कई खिलाड़ी अभिषेक को मिल रही लोकप्रियता से हैरान हो जाते थे, क्योंकि हर जगह उनके नाम की ही चर्चा होती थी. हालांकि अब अभिषेक अपनी शानदार बल्लेबाजी से टीम के अहम खिलाड़ी बन चुके हैं.

सैमसन ने अभिषेक शर्मा के साथ अपनी ओपनिंग साझेदारी को काफी खास बताया. उन्होंने कहा कि दोनों की जोड़ी “आग और आग” की तरह है, जहां दोनों बल्लेबाज आक्रामक अंदाज में खेलते हैं और टीम को तेज शुरुआत दिलाते हैं.

उन्होंने यह भी कहा कि उनके बीच केरल और पंजाब की दोस्ती की झलक मैदान पर भी दिखाई देती है, जिससे उनकी समझ और तालमेल बेहतर होता है. सैमसन ने अभिषेक के शांत स्वभाव और साहस की भी तारीफ की और कहा कि मैदान के बाहर भी दोनों की अच्छी दोस्ती है.

शुरुआती दौर में मिलती थीं खूब तालियां

सैमसन ने बताया कि जब अभिषेक टीम में आए थे, तब उन्हें हर जगह काफी समर्थन और तालियां मिलती थीं. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा,
“शुरुआत में लड़के अभिषेक को मिल रही तालियों से थोड़ा जलते थे. हर जगह ‘अभिषेक-अभिषेक’ ही सुनाई देता था. हम सोचते थे कि लोग सिर्फ उसी को देखते हैं क्या? लेकिन अब वह टीम का सुपरस्टार बन गया है.”

टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में साझेदारी

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार शुरुआत दिलाई. दोनों ने ओपनिंग में 98 रन की साझेदारी की और पावरप्ले में तेज रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.

इस दमदार शुरुआत की बदौलत भारत ने फाइनल में 255 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. इसके बाद भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया. साथ ही भारत घरेलू मैदान पर खिताब बचाने वाली पहली टीम भी बना.

सैमसन का शानदार प्रदर्शन

इस टूर्नामेंट में संजू सैमसन ने बेहतरीन प्रदर्शन किया. बेंच पर समय बिताने के बावजूद उन्होंने भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए. जब टीम को उनकी जरूरत पड़ी, तब उन्होंने लगातार अहम पारियां खेलीं.

वेस्टइंडीज के खिलाफ अहम मुकाबले से लेकर न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल तक सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी की. उन्होंने पांच पारियों में 80.25 की औसत और 199.37 के स्ट्राइक रेट से 321 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 27 चौके और 24 छक्के निकले.

ये भी पढ़ें- भारत के 22 जहाज स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में फंसे, लदा हुआ है क्रूड ऑयल और LPG, कैसे निकालेगी सरकार?