Asha Bhosle Death: आज हर भारतीय संगीत प्रेमी यही कह रहा है, लेकिन अफसोस कि यह मुराद पूरी नहीं हो सकती. क्योंकि भारतीय संगीत की दिग्गज गायिका आशा भोसले अब हमारे बीच नहीं रही हैं. 92 साल की उम्र में उनका निधन हो गया. हालांकि, उनके अद्भुत गीतों के जरिए वह हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेंगी. आइए, जानते हैं उनकी जिंदगी के कुछ खास पल और उनके करियर की कहानी.
आशा भोसले का जन्म 8 सितंबर 1933 को एक संगीत से जुड़े परिवार में हुआ था. उनके पिता, पंडित दीनानाथ मंगेशकर, एक जाने-माने क्लासिकल सिंगर और एक्टर थे. वे लता मंगेशकर की छोटी बहन थीं. आशा भोसले की जिंदगी में एक बड़ा मोड़ तब आया जब वह मात्र 9 साल की थीं और उनके पिता का निधन हो गया. इसके बाद उनका परिवार पुणे से कोल्हापुर और फिर मुंबई में आकर बस गया. बड़ी बहन लता के साथ, आशा ने भी संगीत की दुनिया में कदम रखा और परिवार की देखभाल के लिए फिल्मों में गाने लगीं.
करियर की शुरुआत
आशा भोसले ने अपना पहला गीत 1943 में मराठी फिल्म 'माझा बाल' में ‘चला चला नाव वाला’ गाया था. इसके बाद बॉलीवुड में उनका पहला गाना 1948 में फिल्म 'चुनरिया' में था, जहां उन्होंने ‘सावन आया’ गाया. इस तरह आशा का संगीत सफर पांच दशकों तक चला और वह भारतीय संगीत की एक बड़ी गायिका बन गईं.
पहचान बनाने में समय नहीं लगा
आशा भोसले ने 1950 के दशक में अपनी गायकी से हिंदी फिल्मों में पहचान बनाई. उस समय की प्रमुख गायिकाओं, जैसे गीता दत्त, शमशाद बेगम और लता मंगेशकर के बीच अपनी जगह बनाई. 1950 और 60 के दशक में उन्होंने कई फिल्मों में गीत गाए. खासकर ओपी नैयर के संगीत में बनी फिल्म ‘संगदिल’ (1952) में उनके गाने ने उन्हें खास पहचान दिलाई. इसके बाद फिल्म 'बूट पॉलिश' (1954) में सभी गाने गाने से उन्हें लोकप्रियता मिली.
पहली शादी और व्यक्तिगत जीवन
आशा भोसले की निजी जिंदगी भी बहुत दिलचस्प रही. 16 साल की उम्र में, उन्होंने बहन लता मंगेशकर के सेक्रेटरी गणपत राव भोसले से शादी कर ली. हालांकि, परिवार ने इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया, जिससे आशा और लता के रिश्ते में तनाव आ गया. आशा भोसले ने अपने परिवार की इच्छा के खिलाफ जाकर अपने प्यार को चुना, लेकिन उनका यह रिश्ता 11 साल ही चल सका. इस शादी से उन्हें तीन बच्चे हुए.
आरडी बर्मन से दूसरी शादी
गणपत राव से तलाक के बाद, आशा भोसले की जिंदगी में एक नई खुशी आई. उन्हें दिग्गज संगीतकार आरडी बर्मन (पंचम दा) से प्यार हुआ. हालांकि, इस शादी को लेकर भी कई विरोध थे, क्योंकि आरडी बर्मन उनसे 6 साल छोटे थे. लेकिन, दोनों ने 1980 में शादी कर ली. उनकी जोड़ी ने संगीत की दुनिया को कई यादगार गीत दिए. दोनों की शादी 1994 में आरडी बर्मन के निधन तक चली.
20 भाषाओं में गाए 12 हजार गाने
आशा भोसले का करियर लगभग 50 सालों तक चला. इस दौरान उन्होंने 20 भारतीय और विदेशी भाषाओं में गाने गाए. उन्होंने संगीत के दिग्गजों जैसे शंकर-जयकिशन, खैय्याम, रवि, सचिन देव बर्मन, ओपी नैयर, बप्पी लहरी, ए.आर. रहमान और अन्य के साथ काम किया. इसके अलावा, उन्होंने म्यूजिक अल्बम और सिंगल सॉन्ग भी गाए.
आशा भोसले ने खुद बताया था कि उन्होंने अब तक 12 हजार गाने गाए हैं. यही नहीं, वह ग्रैमी अवॉर्ड के लिए नामित होने वाली पहली भारतीय गायिका थीं. आशा भोसले ने न केवल अपने गीतों से भारतीय सिनेमा को एक अमूल्य धरोहर दी, बल्कि उन्होंने संगीत के हर क्षेत्र में अपनी अद्भुत आवाज से जादू किया. उनके गीत और उनकी आवाज हमेशा हमारे दिलों में जिन्दा रहेंगी.
ये भी पढ़ें- MI vs RCB: विराट कोहली के सामने होंगे रोहित शर्मा, आईपीएल में आज कांटे की टक्कर, कौन मारेगा बाजी?