MI vs RCB: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में रविवार, 12 अप्रैल को क्रिकेट फैंस को एक हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिलेगा, जब मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आमने-सामने होंगी. यह मुकाबला मुंबई के प्रतिष्ठित वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां दर्शकों को एक रोमांचक टक्कर की पूरी उम्मीद है. इस मैच की सबसे बड़ी खासियत विराट कोहली और रोहित शर्मा के बीच मुकाबला है, जो हमेशा से फैंस के लिए आकर्षण का केंद्र रहा है.
मुंबई के लिए ‘करो या मरो’ जैसी स्थिति
मुंबई इंडियंस ने टूर्नामेंट की शुरुआत जीत के साथ की थी, लेकिन उसके बाद टीम अपनी लय बनाए रखने में नाकाम रही. लगातार दो हार के चलते टीम अंक तालिका में नीचे खिसक गई है और अब अपने घरेलू मैदान पर वापसी करना उसके लिए बेहद जरूरी हो गया है. वानखेड़े की पिच और परिस्थितियां मुंबई के खिलाड़ियों के अनुकूल मानी जाती हैं, ऐसे में टीम यहां बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेगी.
बल्लेबाजी में निरंतरता की कमी
मुंबई की सबसे बड़ी चिंता उसकी बल्लेबाजी रही है. रोहित शर्मा ने शुरुआती मैचों में अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन मिडिल ऑर्डर उनका साथ नहीं दे पाया. सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा जैसे बल्लेबाजों से बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन वे लगातार रन बनाने में सफल नहीं रहे. वहीं कप्तान हार्दिक पंड्या का बल्ला भी अब तक खामोश रहा है, जो टीम के लिए चिंता का विषय है.
गेंदबाजी में भी दिखी कमजोरी
गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह जैसे अनुभवी गेंदबाज मौजूद हैं, लेकिन पिछले मुकाबले में उन्हें भी विपक्षी बल्लेबाजों ने निशाना बनाया. टीम संतुलन के लिए मिचेल सेंटनर को शामिल करने पर विचार कर सकती है, जबकि विल जैक्स के आने से टीम को अतिरिक्त मजबूती मिलेगी.
आरसीबी की बल्लेबाजी बनी ताकत
दूसरी ओर, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की बल्लेबाजी इस समय शानदार फॉर्म में है. कप्तान रजत पाटीदार लगातार रन बना रहे हैं, जबकि विराट कोहली भी लय में नजर आ रहे हैं. देवदत्त पडिक्कल ने भी अहम पारियां खेली हैं. टीम के पास टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड और वेंकटेश अय्यर जैसे खिलाड़ी हैं, जो मैच के अंतिम ओवरों में तेजी से रन बना सकते हैं.
गेंदबाजी में संतुलन से मजबूत आरसीबी
गेंदबाजी में भी आरसीबी संतुलित नजर आ रही है. जोश हेजलवुड की वापसी टीम के लिए बड़ा प्लस साबित हो सकती है. वह भुवनेश्वर कुमार के साथ नई गेंद संभालेंगे और शुरुआती विकेट निकालने की कोशिश करेंगे.
पिच और मुकाबले का संभावित रुख
वानखेड़े स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल होती है, ऐसे में एक हाई-स्कोरिंग मैच देखने को मिल सकता है. मुंबई इंडियंस के लिए यह मुकाबला वापसी का सुनहरा मौका है, जबकि आरसीबी इस मैच में अपनी जीत की लय को बरकरार रखने के इरादे से उतरेगी.
ये भी पढ़ें- IPL: 'आप हर मैच में आइए...' शतक ठोकने के बाद संजू सैमसन ने किसे बताया अपना लकी चार्म? देखें क्या कहा