Samay Raina Medha Shankar Wedding Rumors: समय रैना और मेधा शंकर की शादी की खबरों ने इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोरी है. दोनों को कई मौकों पर साथ देखा गया है, जिसके बाद से उनके डेटिंग की अटकलें लगाई जा रही हैं. मेधा शंकर के समय रैना के शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' में नजर आने के बाद इन चर्चाओं को और जोर मिला. अब दिसंबर 2026 में दोनों की शादी की खबर सामने आने के बाद समय ने खुद इस पर मजेदार अंदाज में प्रतिक्रिया दी है.
दिसंबर में शादी की खबर पर समय रैना का मजेदार जवाब
दरअसल, हाल ही में एक रेडिट पोस्ट में दावा किया गया था कि समय रैना और मेधा शंकर दिसंबर 2026 में शादी कर सकते हैं. इस पोस्ट का स्क्रीनशॉट समय ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया और मजाकिया अंदाज में अफवाह को खारिज किया. उन्होंने लिखा, "दिसंबर में तो मेरा इंडिया टूर है, सॉरी मेधा, इसे टालना पड़ेगा." इसके साथ उन्होंने बैकग्राउंड में लता मंगेशकर का गाना 'झूठ बोले कौवा काटे' भी लगाया. समय के इस पोस्ट पर मेधा शंकर ने भी हंसने वाले इमोजी के साथ रिएक्शन दिया. दोनों के इस अंदाज से साफ है कि फिलहाल शादी को लेकर वायरल हो रही खबरों को वे गंभीरता से नहीं ले रहे हैं.

मेधा शंकर ने भी शादी की अफवाहों पर ली चुटकी
मेधा शंकर ने भी सोशल मीडिया पर इन अफवाहों को लेकर अपना रिएक्शन दिया. एक्ट्रेस ने बिस्तर पर लेटे हुए काऊ बेबी की तस्वीर शेयर की और मजेदार अंदाज में लिखा, "शादी की बेबुनियाद अफवाहों को ऐसे नजरअंदाज करते हुए मैं." उन्होंने इसके साथ फिल्म 'वेलकम' का गाना 'क्या कह दिया है तुमने ये जानम' भी लगाया. मेधा की इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर उनके और समय रैना के रिश्ते को लेकर चल रही चर्चाओं ने एक बार फिर लोगों का ध्यान खींचा. हालांकि, दोनों की ओर से डेटिंग या शादी को लेकर किसी रिश्ते की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

ऐसे शुरू हुई थी दोनों के डेटिंग की चर्चा
समय रैना और मेधा शंकर को एक पार्टी में साथ देखा गया था, जहां दोनों ने साथ में तस्वीरें भी क्लिक कराई थीं. इसके बाद सोशल मीडिया पर उनके डेटिंग करने की अटकलें शुरू हो गईं. बाद में मेधा शंकर समय के शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' के दूसरे सीजन में पैनलिस्ट के तौर पर दिखाई दीं, जिसके बाद इन चर्चाओं को और हवा मिली. इसके अलावा फैंस ने दोनों की छुट्टियों की तस्वीरों में कथित तौर पर एक जैसा बैकग्राउंड भी नोटिस किया था. इसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों के साथ होने की अटकलें और तेज हो गईं. हालांकि, ये सभी बातें सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं और अटकलों पर आधारित हैं.
रेडिट पोस्ट से शुरू हुई शादी की अफवाह
कुछ दिन पहले एक रेडिट पोस्ट के जरिए दोनों की शादी की खबर वायरल हुई थी. पोस्ट में एक यूजर ने खुद को समय रैना के परिवार के करीब बताते हुए दावा किया था कि उसने समय की मां से बातचीत की है और दोनों दिसंबर 2026 में शादी की योजना बना रहे हैं. पोस्ट में यह भी दावा किया गया था कि दोनों उस समय साथ में छुट्टियां मना रहे हैं. हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. वहीं समय और मेधा के सोशल मीडिया रिएक्शन से फिलहाल इतना जरूर सामने आया है कि दोनों ने शादी की वायरल खबर को मजाकिया अंदाज में लिया है.
इन प्रोजेक्ट्स में नजर आएंगी मेधा शंकर
वर्कफ्रंट की बात करें तो '12वीं फेल' से पहचान बनाने वाली मेधा शंकर जल्द ही एक डिटेक्टिव कॉमेडी फिल्म में नजर आ सकती हैं. फिल्म का टाइटल अभी तय नहीं हुआ है. लक्ष्मण उटेकर के प्रोडक्शन में बन रही इस फिल्म में सनी कौशल और निमरत कौर भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे.
ये भी पढ़ें- Bigg Boss के स्टेज पर सलमान खान ने उतारी टी-शर्ट, वरुण धवन का आया मजेदार रिएक्शन