Russia-Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध एक बार फिर खौफनाक मोड़ पर पहुंचता नजर आ रहा है. यूक्रेन की राजधानी कीव के पास बुचा जिले में रूस की ओर से लॉन्ग रेंज हमला किए जाने की खबर है. इस हमले में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 42 लोग घायल हुए हैं. हमले के दौरान करीब 50 रिहायशी इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है. स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है और इलाके में बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.
27 मृतकों में 4 बच्चे भी शामिल
बुचा जिले के लोकल रीजनल मिलिट्री एडमिनिस्ट्रेशन के प्रमुख तिमुर तकाचेंको ने बताया कि हमले में 27 लोगों की मौत हुई है और 42 अन्य घायल हैं. घायलों में चार बच्चे भी शामिल हैं, जबकि सात लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हमले के बाद कई घरों से लेकर एक रेस्टोरेंट तक आग फैल गई. कीव से करीब 20 मील उत्तर-पश्चिम में स्थित इलाके में इमरजेंसी टीमें मलबा हटाने, आग बुझाने और लोगों की तलाश में जुटी हैं.
381 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
तिमुर तकाचेंको के मुताबिक, घटनास्थल पर मेडिकल सर्विस की टीमें भी मौजूद हैं. राहत और बचाव अभियान के दौरान अब तक 381 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है, जिनमें 59 बच्चे शामिल हैं. इमरजेंसी टीमें आसपास की इमारतों की भी जांच कर रही हैं, ताकि किसी और व्यक्ति के मलबे में फंसे होने की स्थिति में उसे सुरक्षित बाहर निकाला जा सके.
जेलेंस्की बोले- वेयरहाउस में हुआ विस्फोट
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि माइला गांव में एक वेयरहाउस को निशाना बनाया गया था, जिसके बाद वहां विस्फोट हुआ. उन्होंने घटनास्थल को लेकर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही के आरोप में आपराधिक कार्रवाई शुरू किए जाने की बात कही. जेलेंस्की ने कहा कि गोला-बारूद और हथियार आम लोगों के घरों या रिहायशी इलाकों के पास नहीं रखे जा सकते. उनके मुताबिक, हमले में बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए बने एक केयर होम समेत कई रिहायशी इमारतें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं.
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, बढ़ सकता है मृतकों का आंकड़ा
हमले के बाद बुचा जिले में राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है. अधिकारियों के मुताबिक, 370 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है और बाकी प्रभावित लोगों को निकालने की कोशिश की जा रही है. आग पर काबू पाने के साथ मलबा हटाने और क्षतिग्रस्त इमारतों की जांच का काम भी जारी है. स्थानीय प्रशासन ने आशंका जताई है कि जैसे-जैसे रेस्क्यू ऑपरेशन आगे बढ़ेगा, मृतकों और घायलों की संख्या में बदलाव हो सकता है.
ये भी पढ़ें: उज्बेक छात्रों ने अलग अंदाज में किया पीएम मोदी का स्वागत, वीडियो देख गदगद हुए प्रधानमंत्री