रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग ने चार साल पूरे कर लिए हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है. दोनों देशों के बीच जारी यह संघर्ष न केवल मानव जीवन की भारी क्षति का कारण बना है, बल्कि वैश्विक स्थिरता के लिए भी एक बड़ा खतरा बनता जा रहा है. इसी पृष्ठभूमि में अब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर से रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को आड़े हाथों लिया है. ट्रंप ने न सिर्फ युद्ध को "बेहद दुखद और अनावश्यक" बताया, बल्कि यह भी कहा कि पुतिन ने इस संघर्ष को अकारण बढ़ावा दिया है.
डोनाल्ड ट्रंप ने रूस की जिद को युद्ध जारी रखने की सबसे बड़ी वजह बताया है. उन्होंने कहा कि यह संघर्ष एक सप्ताह में खत्म किया जा सकता था, लेकिन पुतिन की हठधर्मिता के चलते यह युद्ध वर्षों तक खिंचता चला गया. ट्रंप ने कहा, मुझे समझ नहीं आता कि पुतिन आखिर यह युद्ध क्यों खींच रहे हैं. यह एक ऐसा संघर्ष है जो यूक्रेन को तबाह कर चुका है और रूस को भी भारी कीमत चुकानी पड़ रही है.
अमेरिका से मिलने वाली मिसाइलों का दिया संकेत
ट्रंप ने अपनी बात में यह भी दोहराया कि यदि रूस इस जंग को जल्द खत्म नहीं करता है, तो अमेरिका यूक्रेन को और उन्नत हथियार — जैसे टॉमहॉक क्रूज मिसाइल देने पर विचार कर सकता है. यह पहले भी ट्रंप की ओर से चेतावनी के रूप में कही जा चुकी बात है, लेकिन इस बार उनका स्वर और भी सख्त नजर आया.
“पुतिन से था अच्छा रिश्ता, लेकिन अब बेहद निराश हूं”
ट्रंप ने यह स्वीकार किया कि उनके और पुतिन के बीच पहले मधुर संबंध थे, लेकिन अब वह रूस के रुख से बेहद निराश हैं. उन्होंने कहा, कि पुतिन और मेरे संबंध कभी अच्छे रहे हैं. शायद अब भी हों, लेकिन मैं उनके इस रवैये से बेहद निराश हूं. एक ऐसा युद्ध जो चार सालों से चल रहा है, वो एक सप्ताह में खत्म किया जा सकता था. ट्रंप ने यह भी दावा किया कि रूस इस युद्ध में अब तक डेढ़ लाख से अधिक सैनिकों को खो चुका है, जिसे उन्होंने 'भयानक' बताया.
यह द्वितीय विश्व युद्ध के बाद सबसे बड़ा मानवीय संकट
अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि यह युद्ध अब तक की सबसे भयावह घटनाओं में से एक है. उन्होंने कहा, मौतों के लिहाज से यह द्वितीय विश्व युद्ध के बाद सबसे गंभीर स्थिति है. मैंने अपने कार्यकाल में कई संघर्ष सुलझाए, यहां तक कि भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव को भी संभाला. लेकिन रूस-यूक्रेन युद्ध की स्थिति कहीं अधिक गंभीर है.
व्हाइट हाउस में अर्जेंटीना के राष्ट्रपति से मुलाकात के दौरान बयान
ट्रंप ने यह बयान तब दिया जब वह अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिली के साथ व्हाइट हाउस में द्विपक्षीय चर्चा में व्यस्त थे. बैठक के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान ट्रंप ने साफ कर दिया कि रूस को अब इस युद्ध का अंत करना ही होगा, क्योंकि यह न सिर्फ यूक्रेन बल्कि पूरे विश्व को संकट की ओर धकेल रहा है.
यह भी पढ़ें: चीन के इस कदम से भड़क उठे ट्रंप...अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा 'खत्म कर देंगे...'