RRB Group D Recruitment 2026: रेलवे में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. भारतीय रेलवे एक बार फिर बड़ी भर्ती की तैयारी कर रहा है. रेलवे भर्ती बोर्ड ग्रुप डी यानी लेवल-1 के करीब 30 हजार पदों पर भर्ती निकाल सकता है. इसके लिए देशभर के अलग-अलग रेलवे जोन से खाली पदों की जानकारी जुटाई जा रही है.
उम्मीद है कि भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन सितंबर या अक्टूबर 2026 में जारी हो सकता है. इसके बाद दिसंबर से पहले ऑनलाइन आवेदन शुरू होने की संभावना है. 10वीं पास और आईटीआई करने वाले युवाओं के लिए यह नौकरी पाने का अच्छा मौका हो सकता है.
खाली पदों का आंकड़ा जुटा रहा रेलवे
रेलवे भर्ती बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे और प्रोडक्शन यूनिट से खाली पदों की जानकारी मांगी है. अधिकारियों को 31 दिसंबर 2027 तक खाली होने वाले संभावित पदों का आंकड़ा भी तैयार करने को कहा गया है.
इसके लिए रेलवे के ऑनलाइन सिस्टम का इस्तेमाल किया जा रहा है. मंडल स्तर पर 14 अगस्त तक पदों की जानकारी दर्ज की जाएगी. इसके बाद 10 से 20 अगस्त के बीच जोनल मुख्यालय इन आंकड़ों को मंजूरी देंगे. इसके बाद भर्ती का विज्ञापन जारी किया जा सकता है.
किन पदों पर होगी भर्ती?
ग्रुप डी या लेवल-1 में रेलवे के कई जरूरी काम शामिल होते हैं. इस भर्ती में ट्रैक मेंटेनर, पॉइंट्समैन, असिस्टेंट सिग्नल एंड टेलीकॉम, असिस्टेंट कैरिज एंड वैगन, असिस्टेंट लोको शेड, असिस्टेंट पी-वे और असिस्टेंट ट्रैक मशीन जैसे पद शामिल हो सकते हैं.
किस पद पर कितनी सीटें होंगी, इसकी सही जानकारी आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी होने के बाद ही मिलेगी.
क्या होगी चयन प्रक्रिया?
सबसे पहले कंप्यूटर आधारित परीक्षा होगी. इसमें 100 सवाल पूछे जाएंगे और गलत जवाब पर एक-तिहाई अंक काटे जाएंगे.
सीबीटी पास करने वाले उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता परीक्षा देनी होगी. इसमें दौड़ और वजन उठाने जैसे टेस्ट होंगे. इसके बाद दस्तावेजों की जांच और मेडिकल टेस्ट होगा.
फर्जी वेबसाइट और ठगी से रहें सावधान
रेलवे में नौकरी के नाम पर होने वाली ठगी से बचाने के लिए आरआरबी की क्षेत्रीय वेबसाइटों को एक केंद्रीय वेबसाइट से जोड़ा गया है. उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी अफवाह या बिचौलिए के झांसे में न आएं और भर्ती से जुड़ी जानकारी सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट से ही लें.
पिछली रेलवे भर्तियों में लाखों उम्मीदवारों ने आवेदन किया था. ऐसे में इस बार भी मुकाबला कड़ा रहने की उम्मीद है. अगर आप रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे हैं तो अभी से अपनी तैयारी शुरू कर देना बेहतर होगा.
ये भी पढ़ें- Weather Today: असम से उत्तराखंड तक भारी बारिश का कहर, उफान पर गंगा-यमुना, IMD ने जारी किया अलर्ट