Royal Enfield Classic 350 Gorkha Edition: रॉयल एनफील्ड अपनी मशहूर क्लासिक 350 का नया गोरखा एडिशन आज यानी 18 अगस्त को भारतीय बाजार में लॉन्च करने वाली है. बाइक की यूनिट डीलर्स तक पहुंचनी शुरू हो गई हैं, ऐसे में लॉन्च के बाद इसकी डिलीवरी भी जल्द शुरू होने की उम्मीद है. नए मॉडल में बड़े मैकेनिकल बदलाव नहीं किए गए हैं. इसका डिजाइन, बॉडी पैनल, सस्पेंशन और बाकी ज्यादातर हिस्से मौजूदा क्लासिक 350 जैसे ही रहेंगे. इसे नया लुक मुख्य रूप से अलग रंग और गोरखा एडिशन ग्राफिक्स से मिलेगा.
मिलिट्री ग्रीन रंग में आएगी बाइक
क्लासिक 350 गोरखा एडिशन की सबसे खास बात इसका हल्का मिलिट्री ग्रीन या ऑलिव ग्रीन रंग है. कंपनी ने अभी इस रंग का आधिकारिक नाम नहीं बताया है. यह शेड सेना की गाड़ियों में इस्तेमाल होने वाले रंग जैसा नजर आता है.
फ्यूल टैंक और साइड पैनल पर गोरखा एडिशन के खास ग्राफिक्स मिलेंगे. साइड पैनल पर क्रॉस्ड खुकरी का निशान भी दिया गया है. यह गोरखा सैनिकों की पारंपरिक पहचान से जुड़ा हुआ है.
गोरखा रेजिमेंट को समर्पित है एडिशन
रॉयल एनफील्ड ने इस स्पेशल एडिशन को भारतीय सेना की गोरखा रेजिमेंट के सम्मान में तैयार किया है. गोरखा सैनिक अपनी बहादुरी और युद्ध कौशल के लिए जाने जाते हैं. बाइक पर दिया गया क्रॉस्ड खुकरी का डिजाइन भी इसी पहचान को दिखाता है.
गोरखा सैनिकों का प्रसिद्ध युद्धघोष ‘आयो गोरखाली!’ है, जिसका मतलब है कि गोरखा सैनिक आ गए हैं.
फीचर्स में ज्यादा बदलाव नहीं
स्पाई तस्वीरों के अनुसार, बाइक में सेमी-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलेगा. इसमें एनालॉग स्पीडोमीटर के साथ एलसीडी स्क्रीन दी जाएगी. इसके अलावा वायर-स्पोक व्हील, गोल मिरर, क्रोम एग्जॉस्ट और क्रोम हेडलैंप बेजल जैसे फीचर्स मिलेंगे.
इसमें ट्रिपर नेविगेशन पॉड नहीं दिया गया है. मौजूदा क्लासिक 350 के डुअल-चैनल एबीएस वेरिएंट में असिस्ट और स्लिपर क्लच और यूएसबी टाइप-सी फास्ट चार्जिंग जैसे फीचर्स मिलते हैं. उम्मीद है कि गोरखा एडिशन में भी ये फीचर्स दिए जाएंगे.
इंजन में कोई बदलाव नहीं
नई बाइक में 349 सीसी का सिंगल-सिलेंडर जे-सीरीज इंजन मिलेगा. यह इंजन 20.2 बीएचपी की पावर और 27 एनएम का टॉर्क देता है. इंजन को 5-स्पीड गियरबॉक्स के साथ जोड़ा जाएगा.
सस्पेंशन के लिए आगे टेलिस्कोपिक फोर्क और पीछे ट्विन शॉक एब्जॉर्बर मिलेंगे. दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक के साथ डुअल-चैनल एबीएस दिया जाएगा.
गोरखा एडिशन की कीमत का खुलासा 18 अगस्त को लॉन्च के दौरान होगा. अगर कंपनी इसकी कीमत मौजूदा क्लासिक 350 के आसपास रखती है, तो यह बाइक के चाहने वालों के लिए एक खास विकल्प बन सकती है.