ICC Ranking Latest: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ धमाकेदार प्रदर्शन का इनाम आखिरकार मिल ही गया. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की ताज़ा वनडे रैंकिंग में विराट कोहली ज़बरदस्त उछाल के साथ दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं. कोहली ने हाल ही में संपन्न हुई ODI सीरीज में न सिर्फ 302 रन ठोके, बल्कि टीम इंडिया की जीत में भी अहम भूमिका निभाई. इसी शानदार फॉर्म ने उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब दिलाया और अब रैंकिंग में भी बड़ा फायदा दिया है.
तीन मैचों की सीरीज में दो शतक और एक अर्धशतक जमाकर कोहली ने साबित कर दिया कि उनका क्लास कभी फीका नहीं पड़ता. 773 रेटिंग पॉइंट्स के साथ वह चौथे स्थान से छलांग लगाकर सीधे दूसरे नंबर पर आ गए हैं. वहीं भारतीय कप्तान रोहित शर्मा 781 पॉइंट्स के साथ शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं. रोहित ने सीरीज में 146 रन बनाए थे, जिसने उनकी नंबर-1 पोज़िशन को सुरक्षित रखा.
Your new No.1 & 2 in ICC ODI 𝗥an𝗞ings 💗👌 pic.twitter.com/kvGscohs7e
— Rajasthan Royals (@rajasthanroyals) December 10, 2025
भारत के टॉप-5 ODI बल्लेबाज़, चार खिलाड़ी टॉप-10 में
भारत के बल्लेबाज़ों ने ICC की ताज़ा लिस्ट में अपना दबदबा बनाए रखा है. इनमें स्थान इस प्रकार हैं:
1. रोहित शर्मा- नंबर 1
2. विराट कोहली- नंबर 2
5. शुभमन गिल- दक्षिण अफ्रीका सीरीज मिस करने के बावजूद 5वां स्थान बरकरार
10. श्रेयस अय्यर- एक स्थान गिरकर 10वें नंबर पर
12. केएल राहुल- दो रैंक ऊपर चढ़कर 12वें स्थान पर
गिल और बाबर आज़म के बीच सिर्फ 1 रेटिंग पॉइंट का अंतर है, जो आने वाले मैचों को और रोमांचक बनाएगा.
कुलदीप यादव गेंदबाजी रैंकिंग में नंबर-3
दूसरी ओर गेंदबाजी सूची में कुलदीप यादव ने कमाल कर दिया है. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 9 विकेट लेकर सीरीज के सबसे सफल गेंदबाज बनने वाले कुलदीप अब वनडे गेंदबाजी रैंकिंग में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. गौर करने वाली बात यह है कि टॉप-10 गेंदबाजों में कुलदीप ही एकमात्र भारतीय हैं.
टीम इंडिया के लिए सकारात्मक संकेत
टीम इंडिया के लिए यह रैंकिंग अपडेट बेहद सकारात्मक है,बल्लेबाजी हो या गेंदबाजी, भारतीय खिलाड़ी लगातार शीर्ष स्थानों पर अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं. आने वाली सीरीज में ये खिलाड़ी अगर इसी लय में रहे, तो रैंकिंग में भारत का दबदबा और भी मजबूत हो सकता है.
यह भी पढ़ेंं- शादी टूटने के बाद...फिर मैदान पर वापसी करेंगी स्मृति मांधाना, इस दिन खेलेंगी मुकाबला