रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाया गया या खुद छोड़ा? अजीत अगरकर ने बताई पर्दे के पीछे की कहानी

Ajit Agarkar On Rohit Sharma Captaincy: भारतीय क्रिकेट में बड़ी बदलाव की घोषणा हुई है, जहां टेस्ट सीरीज के बाद अब वनडे टीम के कप्तान भी बदल गए हैं. आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय क्रिकेट टीम की चयन समिति ने वनडे और टी20 टीमों की घोषणा कर दी है.

Rohit Sharma removed from captaincy or did he resign himself Ajit Agarkar told the story
Image Source: ANI/ File

Ajit Agarkar On Rohit Sharma Captaincy: भारतीय क्रिकेट में बड़ी बदलाव की घोषणा हुई है, जहां टेस्ट सीरीज के बाद अब वनडे टीम के कप्तान भी बदल गए हैं. आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय क्रिकेट टीम की चयन समिति ने वनडे और टी20 टीमों की घोषणा कर दी है. इस बार वनडे टीम की कमान युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को सौंपी गई है, जो अब टेस्ट के साथ-साथ वनडे में भी टीम की कप्तानी संभालेंगे. 

वहीं, अनुभवी खिलाड़ी रोहित शर्मा और विराट कोहली भी वनडे टीम में शामिल किए गए हैं. लेकिन खास बात यह है कि रोहित शर्मा इस बार टीम में सिर्फ स्पेशलिस्ट बल्लेबाज के तौर पर खेलेंगे और कप्तानी की जिम्मेदारी से हटाए जाने के संकेत मिल रहे हैं.

कप्तानी से हटने को लेकर उठे सवाल, अजीत अगरकर के बयान में मिली पहली झलक

रोहित शर्मा के कप्तानी से हटने या हटाए जाने की स्थिति को लेकर अभी आधिकारिक तौर पर कोई स्पष्ट बयान नहीं आया है, लेकिन चयन समिति के प्रमुख अजीत अगरकर के बयान से इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह फैसला चयनकर्ताओं की सहमति से लिया गया है. अजीत अगरकर ने टीम की घोषणा के दौरान कहा कि चयनकर्ताओं का मानना है कि तीनों प्रारूपों (टेस्ट, वनडे, टी20) के लिए अलग-अलग कप्तान रखना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है.

उन्होंने विशेष रूप से बताया, “तीनों फॉर्मेट के लिए तीन अलग-अलग कप्तान रखना व्यावहारिक रूप से असंभव है. वनडे क्रिकेट अब सबसे कम खेला जाने वाला फॉर्मेट बन गया है, और हमारा मुख्य फोकस आगामी टी20 विश्व कप पर है. हम चाहते हैं कि शुभमन गिल को वनडे टीम में एडजस्ट होने और नेतृत्व कौशल विकसित करने का पर्याप्त समय मिले.”

रोहित शर्मा और विराट कोहली पूरी तरह फिट और टीम में वापसी पर प्रतिबद्ध

अजीत अगरकर ने बताया कि दोनों दिग्गज खिलाड़ी, रोहित शर्मा और विराट कोहली, टीम में शामिल होने के लिए आवश्यक फिटनेस जांच पूरी कर चुके हैं और अब वे पूरी तरह से तैयार हैं. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दोनों खिलाड़ी 2027 के विश्व कप तक टीम के लिए खेलेंगे या नहीं, इस विषय पर अभी कोई निश्चित निर्णय नहीं लिया गया है.

अजीत अगरकर ने कहा, “हम हमेशा चयनित खिलाड़ियों के फिटनेस स्तर की पुष्टि करते हैं और उन्हें सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में भेजते हैं. रोहित और विराट दोनों ने टीम में वापसी के लिए जरूरी सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं.” 

ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए चुनी गई वनडे टीम

भारत की वनडे टीम में कई युवा और अनुभवी खिलाड़ियों को जगह मिली है. इस टीम के कप्तान शुभमन गिल होंगे, जबकि श्रेयस अय्यर को उप-कप्तान बनाया गया है. रोहित शर्मा और विराट कोहली टीम के मुख्य बल्लेबाज होंगे. अन्य महत्वपूर्ण खिलाड़ियों में केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, और युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल शामिल हैं.

ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए वनडे टीम

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, ध्रुव जुरेल और यशस्वी जायसवाल.

टी20 टीम में भी बड़े बदलाव

टी20 टीम की भी घोषणा कर दी गई है, जिसमें सूर्यकुमार यादव को कप्तान बनाया गया है जबकि शुभमन गिल उप-कप्तान रहेंगे. इस टीम में भी कई नए और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को जगह मिली है. जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन और वरुण चक्रवर्ती जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी इस टीम का हिस्सा हैं.

ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए टी20 टीम

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल (उपकप्तान), तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह और वॉशिंगटन सुंदर.

भारत की टीम 19 अक्टूबर से शुरू होने वाले इस दौरे में तीन वनडे मैच और पांच टी20 मुकाबले खेलेगी.

इस दौरे का पूरा कार्यक्रम इस प्रकार है:

  • 19 अक्टूबर: पहला वनडे- पर्थ
  • 23 अक्टूबर: दूसरा वनडे- एडिलेड
  • 25 अक्टूबर: तीसरा वनडे- सिडनी
  • 29 अक्टूबर: पहला टी20- कैनबरा
  • 31 अक्टूबर: दूसरा टी20- मेलबर्न
  • 2 नवंबर: तीसरा टी20- होबार्ट
  • 6 नवंबर: चौथा टी20- गोल्ड कोस्ट
  • 8 नवंबर: पांचवां टी20- ब्रिस्बेन

यह भी पढ़ें- केंद्र सरकार ने 2 साल से कम उम्र के बच्चों को कफ सिरप नहीं देने की दी सलाह