आज फिर होगा भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला, इस महीने तीसरी बार भिड़ेंगी टीमें, जानें किसका पलड़ा भारी

क्रिकेट में भारत और पाकिस्तान के बीच एक बार फिर रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा. राइजिंग स्टार्स एशिया कप में रविवार को भारत-A और पाकिस्तान-A की टीमें आमने-सामने होंगी.

Rising Stars Asia Cup 2026 India A vs Pakistan A cricket match today Preview
Image Source: Social Media

India A Vs Pakistan A: क्रिकेट में भारत और पाकिस्तान के बीच एक बार फिर रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा. राइजिंग स्टार्स एशिया कप में रविवार को भारत-A और पाकिस्तान-A की टीमें आमने-सामने होंगी. दोहा में खेले जाने वाला यह मुकाबला दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा. दोनों टीमें टूर्नामेंट में अपना पहला मैच जीतकर आ रही हैं. ऐसे में दोनों की नजरें लगातार दूसरी जीत दर्ज करने पर होंगी.

इस महीने भारत और पाकिस्तान की टीमें तीसरी बार एक-दूसरे के खिलाफ मैदान पर उतरेंगी. इससे पहले अंडर-19 एशिया कप में दोनों के बीच दो मुकाबले हुए थे. लीग स्टेज में पाकिस्तान ने भारत को हराया था, लेकिन फाइनल में भारतीय टीम ने शानदार वापसी करते हुए एक विकेट से जीत हासिल की और नौवीं बार खिताब अपने नाम किया. उस रोमांचक मुकाबले में मोहित उल्वा ने आखिरी गेंद पर चौका लगाकर भारत को जीत दिलाई थी.

भारत ने नेपाल और पाकिस्तान ने UAE को हराया

राइजिंग स्टार्स एशिया कप में दोनों टीमों ने जीत के साथ शुरुआत की है. भारतीय टीम ने अपने पहले मुकाबले में नेपाल को 306 रन के बड़े अंतर से हराया था. वहीं, पाकिस्तान-A ने UAE को 61 रन से मात दी थी.

भारत-A और पाकिस्तान-A के बीच अब तक खेले गए पिछले पांच मुकाबलों में भारतीय टीम का पलड़ा थोड़ा भारी रहा है. भारत ने तीन मैच जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को दो मुकाबलों में जीत मिली है.

दोनों टीमें इससे पहले 2023 के राइजिंग स्टार्स एशिया कप फाइनल में भी भिड़ चुकी हैं. उस मुकाबले में पाकिस्तान-A ने भारत-A को 128 रन से हराकर ट्रॉफी जीती थी. ऐसे में भारतीय टीम के पास इस बार पिछली हार का हिसाब बराबर करने का मौका होगा.

कुशाग्र और तिलक वर्मा से बड़ी पारी की उम्मीद

भारत-A के लिए पिछले मुकाबले में कुमार कुशाग्र और कप्तान तिलक वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी की थी. दोनों ने शतक लगाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया. कुशाग्र ने 117 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा ने 107 रन की पारी खेली थी.

अब पाकिस्तान के खिलाफ भी टीम को इन दोनों बल्लेबाजों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी. इसके अलावा ओपनर वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा पर भी सबकी नजरें रहेंगी. दोनों खिलाड़ी टीम को तेज शुरुआत दिलाने की क्षमता रखते हैं.

गेंदबाजी में प्रिंस यादव और हर्षित राणा ने नेपाल के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था. दोनों ने मिलकर नौ विकेट हासिल किए थे. प्रिंस यादव ने सिर्फ 6 रन देकर पांच विकेट झटके थे, जबकि हर्षित राणा को चार सफलताएं मिली थीं. पाकिस्तान के खिलाफ भी इन गेंदबाजों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी.

पाकिस्तान के लिए शमील और सुफयान अहम

पाकिस्तान-A की बात करें तो टीम को शमील हुसैन और माज सदाकत से बल्लेबाजी में काफी उम्मीदें होंगी. UAE के खिलाफ पिछले मैच में शमील ने 62 रन बनाए थे. उन्होंने 158.97 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की थी. वहीं, माज सदाकत ने 53 रन की पारी खेली थी.

गेंदबाजी में सुफयान मुकिम और अली रजा भारतीय बल्लेबाजों के लिए चुनौती बन सकते हैं. दोनों ने UAE के खिलाफ तीन-तीन विकेट हासिल किए थे. सुफयान ने 35 रन देकर तीन विकेट लिए थे. ऐसे में भारत के बल्लेबाजों को इन गेंदबाजों से सावधान रहना होगा.

भारत-A और पाकिस्तान-A की संभावित प्लेइंग-11

भारत-A: तिलक वर्मा (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, आयुष बडोनी, रिंकू सिंह, कुमार कुशाग्र, सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, विप्रज निगम, हर्षित राणा और प्रिंस यादव.

पाकिस्तान-A: अब्दुल समद (कप्तान), शमील हुसैन, माज सदाकत, सुफयान मुकिम, अली रजा, मोहम्मद हसनैन, हैदर अली, रोहेल नजीर, दानिश अजीज, शाहजेब खान और अहमद दानियाल.

ये भी पढ़ें- अग्नि-6 या ब्रह्मोस-NG... भारत ने अंडमान में जारी किया NOTAM, किस मिसाइल का होगा टेस्ट?