Kantara Chapter 1 Worldwide Collection: दक्षिण भारतीय सिनेमा के बहुप्रशंसित अभिनेता-निर्देशक ऋषभ शेट्टी एक बार फिर चर्चा में हैं. उनकी नई फिल्म 'कांतारा चैप्टर 1' सिनेमाघरों में रिलीज के बाद से ही रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड तोड़ रही है. यह फिल्म न केवल भारत में बल्कि दुनियाभर में बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है.
6 दिन में वर्ल्डवाइड कमाए इतने करोड़
'कांतारा चैप्टर 1' ने रिलीज के महज छह दिनों में दुनियाभर में 427 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है. ट्रेड एनालिस्ट्स के मुताबिक, फिल्म का ये प्रदर्शन इसे 2025 की अब तक की सबसे बड़ी हिट बना चुका है. अगर यही रफ्तार रही, तो फिल्म सप्ताह भर में 500 करोड़ क्लब में प्रवेश कर सकती है.
भारत में भी कमाई जबरदस्त
देश के बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म ने शानदार प्रदर्शन किया है. भारत में अब तक फिल्म 282 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है. खास बात यह है कि इस हफ्ते कोई बड़ी फिल्म रिलीज नहीं हो रही है, जिसका सीधा फायदा 'कांतारा चैप्टर 1' को मिलेगा. वीकेंड पर इसके कलेक्शन में और उछाल आने की उम्मीद है.
इस फिल्म को ऋषभ शेट्टी ने डायरेक्ट किया है और वे खुद ही इसमें लीड रोल निभा रहे हैं. उनके साथ रुक्मिणी वंसत, जयराम और गुलशन दैवेया जैसे कलाकारों ने भी अहम भूमिकाएं निभाई हैं. दर्शकों और समीक्षकों दोनों ने फिल्म के कंटेंट, सिनेमैटोग्राफी और परफॉर्मेंस की तारीफ की है.
पेश की गई 1000 साल पुरानी कहानी
'कांतारा चैप्टर 1' साल 2022 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म 'कांतारा' का प्रीक्वल है. इस बार फिल्म की कहानी को 1,000 साल पीछे ले जाया गया है, जहां एक रहस्यमयी और आध्यात्मिक दुनिया की झलक देखने को मिलती है. फिल्म की गहराई, इसकी विजुअल ट्रीटमेंट और लोककथाओं से जुड़ी कहानी दर्शकों को काफी पसंद आ रही है. फिल्म की सफलता को देखते हुए ऋषभ शेट्टी ने इसके अगले पार्ट की भी घोषणा कर दी है. अब फैंस बेसब्री से 'कांतारा' सीरीज की अगली कड़ी का इंतजार कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: कौन हैं पंजाब की 'लेडी सिद्धू मूसेवाला' परमजीत कौर? जिन्होंने इंटरनेट पर मचाई धूम, सुष्मिता सेन भी हुईं फैन