Navjot SIngh Sidhu Viral Post: सोशल मीडिया के इस दौर में एक झूठी बात कब वायरल हो जाए और सच बनकर लोगों के बीच फैल जाए, कहना मुश्किल है. इसी का ताजा उदाहरण हैं भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्टार बल्लेबाज़ और मौजूदा मशहूर कमेंटेटर नवजोत सिंह सिद्धू, जिनके नाम से इन दिनों एक विवादित पोस्ट जबरदस्त सुर्खियों में है.
इस पोस्ट में दावा किया गया है कि सिद्धू ने कथित तौर पर कहा, "अगर भारत को 2027 वर्ल्ड कप जीतना है, तो बीसीसीआई को गौतम गंभीर और अजीत अगरकर को तुरंत हटाना चाहिए और रोहित शर्मा को फिर से कप्तान बनाना चाहिए."
Navjot Singh Sidhu reacted to the fake news 🙄#CricketTwitter #INDvsAUS #gautamgambhir pic.twitter.com/op03xzGPic
— Cricket Craze (@cricket12craze) October 20, 2025
पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है और कई क्रिकेट फैंस इस पर बहस कर रहे हैं. कुछ ने इसे समर्थन दिया, तो कुछ ने इसकी आलोचना करते हुए सिद्धू को आड़े हाथों लिया. लेकिन बड़ा सवाल यह है, क्या यह बयान सच में सिद्धू ने दिया है? जवाब है: नहीं. यह पोस्ट पूरी तरह फर्जी है.
सिद्धू ने खुद किया खुलासा
जब यह विवाद बढ़ा और सोशल मीडिया पर यह बात आग की तरह फैली, तो खुद नवजोत सिंह सिद्धू को सामने आकर सफाई देनी पड़ी. उन्होंने X (पूर्व में ट्विटर) और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर स्पष्ट किया कि उन्होंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है.
सिद्धू ने अपने पोस्ट में कहा, "शर्म आनी चाहिए. मैंने ऐसा कभी नहीं कहा. झूठी खबरें मत फैलाओ. इसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती है." सिद्धू की इस तीखी प्रतिक्रिया ने साफ कर दिया कि यह पूरा मामला एक फेक न्यूज है, जिसका कोई आधार नहीं है. यह भी एक मिसाल है कि कैसे आजकल AI और डिजिटल एडिटिंग टूल्स का गलत इस्तेमाल करके सेलेब्रिटीज़ और खिलाड़ियों के नाम से झूठे बयान गढ़े जा रहे हैं.
सोशल मीडिया पर कैसे फैली अफवाह?
इस फेक पोस्ट में सिद्धू की फोटो के साथ एक लंबा कथित ‘बयान’ लिखा गया था जिसमें उन्होंने टीम इंडिया की मैनेजमेंट पर सवाल उठाते हुए रोहित शर्मा को फिर से कप्तान बनाने की बात कही थी.
Never said it , don’t spread fake news ,never imagined it. Shame on you https://t.co/qCZlwaUrwK
— Navjot Singh Sidhu (@sherryontopp) October 20, 2025
पोस्ट को इस तरह डिजाइन किया गया था कि वो किसी न्यूज चैनल के स्क्रीनशॉट जैसा दिखे, जिससे आम यूज़र्स को यह लगे कि यह असली खबर है. इसी के कारण हजारों लोगों ने पोस्ट को बिना फैक्ट चेक किए शेयर करना शुरू कर दिया.
अब बात असली क्रिकेट की, शुभमन गिल बने वनडे कप्तान
वायरल अफवाहों से हटकर अगर असली घटनाक्रम की बात करें, तो बीसीसीआई ने हाल ही में भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे शुभमन गिल को वनडे टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है.
युवा जोश को मिली ज़िम्मेदारी
26 साल के गिल को इससे पहले इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट कप्तान की भूमिका दी गई थी और उन्होंने वहां अपने पहले नेतृत्व कार्यकाल में अच्छी छाप छोड़ी. अब उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज़ से पहले यह नई जिम्मेदारी दी गई है. हालांकि, बतौर वनडे कप्तान गिल का आगाज़ जीत के साथ नहीं हो पाया. लेकिन बोर्ड और सेलेक्टर्स ने गिल पर भविष्य की सोच के तहत भरोसा जताया है.
रोहित शर्मा ने दिलाई थी चैंपियंस ट्रॉफी, लेकिन उम्र अब फैक्टर
गौरतलब है कि गिल से पहले वनडे टीम की कमान रोहित शर्मा के पास थी, जिन्होंने हाल ही में भारत को 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जिताई थी, जो उनके नेतृत्व का एक शानदार उदाहरण था. लेकिन बीसीसीआई अब भविष्य को ध्यान में रखते हुए नई पीढ़ी को तैयार करना चाहती है, और इसलिए युवा खिलाड़ियों को कप्तानी की जिम्मेदारी दी जा रही है.
यह भी पढ़ें- INS Vikrant पर पीएम मोदी ने पहनी खास टोपी, जानिए क्या है कोड R11 का मतलब