Monsoon Alert: देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर है. दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अब केरल तट के बेहद करीब पहुंच चुका है. मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में मानसून केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु और आसपास के अन्य इलाकों में आगे बढ़ सकता है. केरल के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधियां बढ़ गई हैं. इसे मानसून के आगमन का संकेत माना जा रहा है.
जून में बारिश सामान्य से कम रहने की आशंका
मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मानसून की शुरुआत अच्छी हो सकती है, लेकिन जून महीने में कई इलाकों में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है. अनुमान है कि 10 जून के आसपास अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है, लेकिन उसके बाद बारिश की रफ्तार कुछ धीमी पड़ सकती है.
उत्तर भारत को मिली गर्मी से राहत
मानसून अभी दक्षिण भारत के पास है, लेकिन उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ और अन्य मौसमी सिस्टम के कारण मौसम बदल गया है. दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, झारखंड और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं से लोगों को गर्मी से राहत मिली है.
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है. हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. तापमान भी पहले के मुकाबले कम रहने की उम्मीद है. हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि 3 से 4 जून के बाद तापमान फिर बढ़ सकता है.
यूपी के कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में खराब मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है. गौतमबुद्ध नगर, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, बहराइच और सीतापुर में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है. इसके अलावा बरेली, बिजनौर, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, पीलीभीत, रामपुर, शाहजहांपुर और सिद्धार्थनगर समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
दिल्ली और यूपी में कब पहुंचेगा मानसून?
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगर मानसून सामान्य गति से आगे बढ़ता रहा तो यह जून के दूसरे पखवाड़े में मध्य भारत तक पहुंच सकता है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून आमतौर पर जून के तीसरे सप्ताह में पहुंचता है. वहीं दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मानसून के जून के आखिरी सप्ताह या जुलाई की शुरुआत तक आने की संभावना है.
किसानों की नजर मानसून पर
फिलहाल देश के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहने की उम्मीद है. इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. वहीं किसान भी मानसून की आधिकारिक एंट्री और उसकी रफ्तार पर नजर बनाए हुए हैं, क्योंकि खरीफ फसलों की बुवाई काफी हद तक बारिश पर निर्भर करती है.
ये भी पढ़ें- हिमाचल प्रदेश नगर निगम चुनाव में BJP का दबदबा, 4 में से 3 निगमों पर किया कब्जा, पालमपुर में कांग्रेस की जीत