अब मह‍िलाएं कराएंगी दिल्ली की सैर, क्या है रेखा सरकार की 'ई बाइक दीदी योजना', कैसे होगी बुकिंग?

दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए सरकार एक नई योजना लाने की तैयारी में है.

Rekha Government's E Bike Didi Scheme women taken on tour to Delhi
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए सरकार एक नई योजना लाने की तैयारी में है. इस योजना के तहत “ई-बाइक दीदी” सेवा शुरू की जाएगी, जिसमें केवल महिलाएं ही ड्राइवर होंगी और इस सुविधा का लाभ भी सिर्फ महिलाएं ही उठा सकेंगी. इसके जरिए महिलाएं आसानी से शहर में एक जगह से दूसरी जगह सफर कर सकेंगी.

इस योजना के तहत महिला ड्राइवर इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर यानी ई-बाइक चलाकर यात्रियों को मेट्रो स्टेशनों, बस स्टॉप और घर तक छोड़ेंगी. इसके अलावा दिल्ली की प्रमुख ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों तक भी यह सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है, जिससे महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा मिल सके.

सुरक्षा और प्रदूषण दोनों पर फोकस

सरकार का मानना है कि यह योजना महिलाओं के लिए सुरक्षित सफर का विकल्प देगी. अभी ज्यादातर बाइक टैक्सी सेवाओं में ड्राइवर पुरुष होते हैं, जिससे कई महिलाएं असहज महसूस करती हैं. वहीं, ई-बाइक इस्तेमाल होने से प्रदूषण को कम करने में भी मदद मिलेगी.

ऐप के जरिए होगी आसान बुकिंग

इस सेवा को ओला और रैपिडो जैसी ऐप आधारित सेवाओं की तरह शुरू करने की योजना है. इसके लिए भारत टैक्सी ऐप से इसे जोड़ने पर विचार किया जा रहा है. महिलाएं मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे ई-बाइक बुक कर सकेंगी और डिजिटल पेमेंट भी कर पाएंगी.

किराया रहेगा किफायती

ई-बाइक सेवा का किराया भी कम रखने की तैयारी है, ताकि ज्यादा से ज्यादा महिलाएं इसका फायदा उठा सकें. माना जा रहा है कि यह किराया ओला और उबर जैसी सेवाओं से थोड़ा सस्ता हो सकता है.

महिला ड्राइवरों को मिलेगी सब्सिडी

इस योजना में महिला ड्राइवरों को आगे लाने के लिए सरकार सब्सिडी भी दे सकती है. जो महिलाएं ई-बाइक खरीदना चाहती हैं, उन्हें आर्थिक सहायता और अन्य सुविधाएं दी जाएंगी, जिससे वे रोजगार के नए अवसर हासिल कर सकें.

अभी इस योजना पर काम जारी है और अलग-अलग विभागों के साथ चर्चा चल रही है. मंजूरी मिलने के बाद इसे पहले पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया जाएगा. सफल होने पर इसे पूरे दिल्ली में लागू किया जाएगा.

ये भी पढ़ें- शारीरिक संबंध के बाद शादी से मुकरा युवक, कुंडली न मिलने का बहाना... अब दिल्ली हाई कोर्ट ने लिया एक्शन