RCB vs GT Final: आईपीएल 2026 अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है और अब क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें उस मुकाबले पर टिकी हैं, जो इस सीजन के नए चैंपियन का फैसला करेगा. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच खिताबी जंग अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेली जाएगी. दोनों टीमों ने पूरे सीजन शानदार प्रदर्शन किया है और फाइनल में जगह बनाने के लिए कड़ी चुनौतियों को पार किया है. ऐसे में यह मुकाबला सिर्फ दो टीमों के बीच नहीं, बल्कि रणनीति, दबाव और प्रदर्शन की असली परीक्षा भी होगा.
अहमदाबाद की पिच का मिजाज
नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के अनुकूल मानी जाती है. यहां खेले गए अधिकांश मुकाबलों में बड़े स्कोर देखने को मिले हैं. पिच पर अच्छी उछाल और गति होने के कारण बल्लेबाज अपने शॉट्स खुलकर खेल पाते हैं और रन बनाने में आसानी महसूस करते हैं. हालांकि मैच के शुरुआती ओवरों में नई गेंद से तेज गेंदबाजों को स्विंग और सीम मूवमेंट मिल सकती है, जो बल्लेबाजों के लिए चुनौती बन सकती है. लेकिन जैसे-जैसे गेंद पुरानी होती है, बल्लेबाजी और आसान हो जाती है. ऐसे में फाइनल मुकाबले में भी दर्शकों को चौकों-छक्कों की बारिश और हाई-स्कोरिंग मैच देखने को मिल सकता है.
हेड टू हेड
अगर दोनों टीमों के आपसी रिकॉर्ड पर नजर डालें तो अब तक आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच 9 मुकाबले खेले जा चुके हैं. इनमें से 5 मैच आरसीबी ने जीते हैं, जबकि गुजरात टाइटंस को 4 बार सफलता मिली है. आंकड़े भले ही बेंगलुरु के पक्ष में दिखाई देते हों, लेकिन फाइनल जैसे बड़े मुकाबलों में पिछले रिकॉर्ड ज्यादा मायने नहीं रखते. गुजरात की टीम क्वालिफायर-2 में शानदार जीत दर्ज करके आत्मविश्वास से भरी हुई है, वहीं आरसीबी पहले ही गुजरात को हराकर फाइनल में पहुंच चुकी है. ऐसे में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है और क्रिकेट फैंस को एक यादगार फाइनल मिलने की पूरी उम्मीद है.
दोनों टीमों का फुल स्क्वाड
आरसीबी- रजत पाटीदार (कप्तान), विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, फिल साल्ट, जितेश शर्मा, क्रुणाल पंड्या, स्वप्निल सिंह, टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, जैकब बेथेल, जोश हेजलवुड, यश दयाल, भुवनेश्वर कुमार, नुवान तुषारा, रसिख सलाम, अभिनंदन सिंह, सुयश शर्मा, वेंकटेश अय्यर, जैकब डफी, सात्विक देसवाल, मंगेश यादव, जॉर्डन कॉक्स, विक्की ओस्टवाल, विहान मल्होत्रा और कनिष्क चौहान.
जीटी- शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, कुमार कुशाग्र, अनुज रावत, जोस बटलर, निशांत सिंधु, वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, अरशद खान, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, कैगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, ईशांत शर्मा, गुरनूर सिंह बराड़, राशिद खान, मानव सुथार, साई किशोर, जयंत यादव, अशोक शर्मा, जेसन होल्डर, टॉम बैंटन, पृथ्वी राज येरा और ल्यूक वुड.
ये भी पढ़ें: IPL 2026: आउट होने पर नाराज दिखे कप्तान, लेकिन मैच के बाद वैभव सूर्यवंशी पर लुटाया प्यार, देखें VIDEO