Big change in UPI Payments Apps: चाय की दुकान से लेकर शॉपिंग मॉल तक, यदि आप UPI ऐप्स जैसे PhonePe, Google Pay या Paytm का इस्तेमाल करते हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है. रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने 1 अप्रैल 2026 से डिजिटल पेमेंट्स के नियमों में एक महत्वपूर्ण बदलाव किया है, जिसका सीधा असर आपके रोज़मर्रा के लेन-देन पर पड़ने वाला है. इस बदलाव से आपका पैसा पहले से कहीं ज्यादा सुरक्षित होगा, हालांकि पेमेंट पूरा होने में कुछ अतिरिक्त समय लग सकता है.
नया पेमेंट नियम
अब तक आप दुकानों पर QR कोड स्कैन करके अपना UPI PIN डालते थे और पेमेंट तुरंत हो जाता था, लेकिन अब RBI ने सुरक्षा को और बढ़ाते हुए 'टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन' यानी दोहरी सुरक्षा को अनिवार्य कर दिया है. इसका मतलब यह है कि अब केवल PIN डालना काफी नहीं होगा, बल्कि आपको एक और सुरक्षा कदम उठाना होगा. यह दूसरा सुरक्षा कदम आपके फोन पर आए OTP, फिंगरप्रिंट या फेस आईडी हो सकता है. जब तक ये दोनों चीजें मैच नहीं होंगी, पेमेंट पूरा नहीं होगा और आपके बैंक खाते से पैसा नहीं कटेगा.
नए नियम का आम जनता पर प्रभाव
इस नए नियम का सबसे बड़ा फायदा यह है कि ऑनलाइन ठगी और स्कैम पर लगाम लगेगी. अगर किसी अपराधी को आपका UPI PIN मिल भी जाए, तो भी बिना OTP या आपके फिंगरप्रिंट के वह आपके खाते से एक भी रुपया नहीं निकाल पाएगा. हालांकि, आपको चाय की कीमत हो या हजारों रुपये का बिल, हर ट्रांजेक्शन के लिए यह दोहरी सुरक्षा प्रक्रिया पूरी करनी होगी. इसका मतलब है कि पेमेंट में थोड़ा समय और लगेगा, लेकिन आपकी मेहनत की कमाई पूरी तरह से सुरक्षित रहेगी.
लेन-देन की लिमिट में बदलाव नहीं
एक राहत की बात यह है कि पैसे भेजने की लिमिट में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है. आप सामान्य लेन-देन के लिए पहले की तरह 1 लाख रुपये तक भेज सकते हैं. वहीं अस्पताल के बिल, स्कूल फीस या इंश्योरेंस जैसे जरूरी भुगतान के लिए लिमिट 5 लाख रुपये तक ही रहेगी. यदि आप पहली बार UPI का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो सुरक्षा के लिहाज से पहले 24 घंटों में आपको केवल 5,000 रुपये तक का लेन-देन करने की अनुमति होगी.
ATM से बिना कार्ड पैसे निकालने पर नया नियम
UPI के माध्यम से ATM से पैसे निकालने वाले लोगों के लिए भी एक नया नियम लागू किया गया है. कई बैंकों जैसे HDFC ने अब UPI से ATM से पैसे निकालने को डेबिट कार्ड की 'फ्री लिमिट' में जोड़ दिया है. इसका मतलब है कि यदि आप महीने में 5 बार बिना कार्ड के पैसे निकालने की सुविधा का इस्तेमाल करते हैं और फिर उस लिमिट को पार कर लेते हैं, तो आपको UPI से पैसे निकालने पर वही चार्ज देना होगा जो डेबिट कार्ड से पैसे निकालने पर लगता है.
आपके लिए 3 आसान कदम
नए सिस्टम का सही से उपयोग करने के लिए आपको कुछ जरूरी कदम उठाने होंगे. सबसे पहले, अपने फोन में मौजूद सभी UPI ऐप्स को अपडेट कर लें, ताकि नया सिस्टम बिना किसी रुकावट के काम कर सके. इसके अलावा, अपने फोन की सेटिंग्स में जाकर फिंगरप्रिंट या फेस लॉक को ऑन कर लें, ताकि पेमेंट करते वक्त दूसरा सुरक्षा कदम जल्दी पूरा हो और OTP का इंतजार न करना पड़े. और सबसे महत्वपूर्ण बात, अपनी UPI PIN या OTP को कभी भी किसी के साथ शेयर न करें, चाहे वह कोई भी हो.
ये भी पढ़ें: Android यूज़र्स के लिए अलर्ट! मंडरा रहा खतरनाक मैलवेयर का खतरा, सेफ रहने के लिए करें ये जरूरी काम