PM Modi Rajasthan-Gujarat Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार, 4 जुलाई को राजस्थान और गुजरात के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे देश के बुनियादी ढांचे, नागरिक उड्डयन, रेलवे, मेट्रो, ऊर्जा और सेमीकंडक्टर जैसे रणनीतिक क्षेत्रों से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे. राजस्थान में जहां वे जोधपुर और बालोतरा में करोड़ों लोगों को प्रभावित करने वाली विकास योजनाओं का शुभारंभ करेंगे, वहीं गुजरात के सानंद में भारत के सेमीकंडक्टर मिशन को नई मजबूती देने वाली अत्याधुनिक ओएसएटी सुविधा का उद्घाटन करेंगे. प्रधानमंत्री का यह दौरा केंद्र सरकार के इंफ्रास्ट्रक्चर, औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन के विजन को आगे बढ़ाने वाला माना जा रहा है.
जोधपुर में होगी आधुनिक टर्मिनल की शुरुआत
प्रधानमंत्री अपने दौरे की शुरुआत राजस्थान के जोधपुर से करेंगे. यहां वे सबसे पहले जोधपुर हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे. लगभग 480 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह अत्याधुनिक टर्मिनल 23 हजार वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में फैला हुआ है और हर साल करीब 20 लाख यात्रियों की आवाजाही संभालने की क्षमता रखता है. आधुनिक सुविधाओं से लैस इस टर्मिनल के शुरू होने से पश्चिमी राजस्थान में हवाई संपर्क और यात्री सुविधाओं को नई गति मिलेगी.
इसी कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री संशोधित उड़ान (UDAN) योजना का भी शुभारंभ करेंगे. अगले दस वर्षों के लिए करीब 28,840 करोड़ रुपये के बजट वाली यह योजना देश के छोटे शहरों और दूरदराज के क्षेत्रों को बेहतर हवाई संपर्क से जोड़ने पर केंद्रित है.
क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के साथ आत्मनिर्भर भारत को मिलेगा बल
नई उड़ान योजना के तहत क्षेत्रीय एयरलाइंस को 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि कम यात्री संख्या वाले रूट्स पर भी विमान सेवाएं लगातार संचालित होती रहें. इसके साथ ही सरकार स्वदेशी विमानों और हेलीकॉप्टरों जैसे HAL ध्रुव और डोर्नियर प्लेटफॉर्म के उपयोग को बढ़ावा देगी.
बालोतरा में विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात
जोधपुर के बाद प्रधानमंत्री बालोतरा पहुंचेंगे, जहां वे करीब 1.06 लाख करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. ये परियोजनाएं पेट्रोकेमिकल्स, रेलवे, सड़क, शहरी परिवहन, नवीकरणीय ऊर्जा और विद्युत पारेषण जैसे अनेक महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़ी हैं. इन परियोजनाओं का उद्देश्य राजस्थान में औद्योगिक विकास को गति देना, ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करना और निवेश के नए अवसर पैदा करना है. विशेष रूप से पेट्रोकेमिकल सेक्टर से जुड़ी योजनाओं से इस क्षेत्र में उद्योगों का विस्तार होगा और हजारों लोगों के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी तैयार होंगे.
जयपुर मेट्रो के दूसरे चरण को मिलेगी मंजूरी
प्रधानमंत्री जयपुर मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण की आधारशिला भी रखेंगे. 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली इस परियोजना के तहत प्रहलादपुरा से तोड़ी मोड़ तक लगभग 41 किलोमीटर लंबा उत्तर-दक्षिण मेट्रो कॉरिडोर बनाया जाएगा. इस कॉरिडोर में 36 मेट्रो स्टेशन होंगे, जो सीतापुरा और विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र (VKI) सहित शहर के प्रमुख औद्योगिक और आवासीय इलाकों को जोड़ेंगे.
54 हजार युवाओं को मिलेंगे नियुक्ति पत्र
बालोतरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री राजस्थान सरकार के विभिन्न विभागों में चयनित करीब 54 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित करेंगे. इनमें शिक्षा, ऊर्जा, गृह, पंचायती राज, परिवहन, उच्च शिक्षा, कृषि, सूचना प्रौद्योगिकी, कौशल विकास, योजना और प्रशासनिक सुधार जैसे कई विभागों में नियुक्त कर्मचारी शामिल हैं.
गुजरात के सानंद में सेमीकंडक्टर मिशन को नई ताकत
राजस्थान का कार्यक्रम पूरा करने के बाद प्रधानमंत्री गुजरात के सानंद पहुंचेंगे. यहां वे सीजी सेमी की आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट (OSAT) सुविधा का उद्घाटन करेंगे. 7,500 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से विकसित यह परियोजना भारत के सेमीकंडक्टर विनिर्माण क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है.
यह सुविधा इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के तहत स्वीकृत शुरुआती चार प्रमुख प्रोजेक्ट्स में शामिल है और इसके माध्यम से देश में व्यावसायिक स्तर पर सेमीकंडक्टर उत्पादन को नई गति मिलेगी. इससे वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स सप्लाई चेन में भारत की भागीदारी बढ़ने के साथ-साथ हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में रोजगार और निवेश के नए अवसर भी पैदा होंगे.
ये भी पढ़ें: सिंधु जल संधि पर भारत का कड़ा रुख, MEA ने पाकिस्तान को सुनाई खरी-खोटी, कहा - आतंकवाद को बढ़ावा...