UPPSC RO ARO Recruitment: उत्तर प्रदेश में समीक्षा अधिकारी (RO) और सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO) भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों युवाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आ रही है. उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) जल्द ही नई भर्ती का विज्ञापन जारी कर सकता है. विभिन्न सरकारी विभागों से रिक्त पदों का प्रस्ताव आयोग को मिल चुका है और भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि आयोग जल्द ही आधिकारिक अधिसूचना जारी कर अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म करेगा.
428 पदों पर भर्ती की तैयारी, बढ़ सकती है वैकेंसी
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को अब तक कुल 428 रिक्त पदों का अधियाचन प्राप्त हो चुका है. इनमें सबसे अधिक पद उत्तर प्रदेश सचिवालय से आए हैं, जहां समीक्षा अधिकारी के 92 और सहायक समीक्षा अधिकारी के 267 पद रिक्त हैं. यानी सचिवालय में कुल 359 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है. इसके अलावा राजस्व परिषद ने भी 69 रिक्त पदों का प्रस्ताव आयोग को भेजा है. फिलहाल इन्हीं पदों के आधार पर भर्ती का विज्ञापन तैयार किया जा रहा है. यदि आने वाले दिनों में अन्य विभागों से भी रिक्तियों का विवरण प्राप्त होता है तो कुल पदों की संख्या में बढ़ोतरी भी हो सकती है.
मुख्यमंत्री फेलोशिप योजना बनी थी देरी की वजह
आरओ और एआरओ भर्ती का नोटिफिकेशन लंबे समय से अटका हुआ था. इसके पीछे मुख्य कारण मुख्यमंत्री फेलोशिप कार्यक्रम से जुड़े नए प्रावधान थे. सरकार इस योजना के तहत पात्र रिसर्चर्स को आयु सीमा में छूट और मुख्य परीक्षा में अतिरिक्त वेटेज देने के नियम लागू कर रही थी. जब तक इन नियमों को अंतिम रूप नहीं मिल गया, तब तक आयोग नई भर्ती का विज्ञापन जारी नहीं कर पा रहा था.
अब सरकार ने नई व्यवस्था लागू कर दी है. इसके तहत पात्र रिसर्चर्स को निर्धारित शर्तों के अनुसार अधिकतम तीन वर्ष तक आयु सीमा में छूट मिलेगी और मुख्य परीक्षा में अतिरिक्त वेटेज का लाभ भी दिया जाएगा. यही नियम हाल ही में जारी हुई पीसीएस 2026 भर्ती में भी लागू किया गया है. इसके बाद अब आरओ-एआरओ भर्ती का रास्ता भी लगभग साफ माना जा रहा है.
नोटिफिकेशन जारी होने की संभावना हुई मजबूत
हालांकि आयोग ने अभी तक भर्ती विज्ञापन जारी करने की कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है, लेकिन विभागों से रिक्त पदों का प्रस्ताव मिलने और नई नियमावली लागू होने के बाद भर्ती प्रक्रिया में तेजी आई है. सूत्रों के अनुसार आयोग अंतिम औपचारिकताओं को पूरा करने में जुटा हुआ है और इसके पूरा होते ही अधिसूचना जारी की जा सकती है. यही वजह है कि अभ्यर्थियों की नजर अब आयोग की अगली घोषणा पर टिकी हुई है.
पिछली भर्ती में बना था रिकॉर्ड
उत्तर प्रदेश में आरओ और एआरओ भर्ती हमेशा से सबसे अधिक प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में गिनी जाती है. वर्ष 2023 की भर्ती इसका सबसे बड़ा उदाहरण रही, जब केवल 419 पदों के लिए 10,76,004 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था. यह उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के इतिहास में किसी एक भर्ती के लिए प्राप्त सबसे अधिक आवेदन का रिकॉर्ड भी बना. इस भर्ती का अंतिम परिणाम 5 अप्रैल 2026 को घोषित किया गया था. तब से लेकर अब तक नई भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि आयोग जल्द ही अगली वैकेंसी का ऐलान करेगा.
ये भी पढ़ें: ICC Rankings: ईशान किशन बने दुनिया के नंबर-1 T20 बल्लेबाज; अभिषेक शर्मा को छोड़ा पीछे