DU UG Admission: दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) में स्नातक (UG) पाठ्यक्रमों में दाखिले की प्रक्रिया तेज हो गई है. विश्वविद्यालय ने प्रवेश प्रक्रिया के दूसरे चरण की शुरुआत कर दी है. अब वे छात्र, जिन्होंने पहले चरण में पंजीकरण पूरा कर लिया है, अपनी पसंद के कॉलेज और कोर्स का चयन कर सकते हैं. इसके साथ ही विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 का एकेडमिक कैलेंडर भी जारी कर दिया है.
11 जुलाई तक चलेगा रजिस्ट्रेशन और प्रेफरेंस भरने का मौका
डीयू की प्रवेश प्रक्रिया का पहला चरण 26 जून से शुरू हुआ था और यह 11 जुलाई तक जारी रहेगा. इस चरण में छात्रों को कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS) पोर्टल पर अपना पंजीकरण कर व्यक्तिगत जानकारी दर्ज करनी होती है. इसी दौरान दूसरा चरण भी शुरू कर दिया गया है, जिसमें रजिस्ट्रेशन पूरा करने वाले उम्मीदवार अपने पसंदीदा कोर्स और कॉलेज की प्राथमिकता तय कर सकते हैं. दोनों चरणों की अंतिम तिथि 11 जुलाई निर्धारित की गई है.
दूसरे चरण में क्या करना होगा?
दूसरे चरण में छात्रों को अपनी CUET UG 2026 के विषयों के अनुसार उपलब्ध कोर्स चुनने होंगे और फिर उन कोर्सों के लिए कॉलेजों की प्राथमिकता तय करनी होगी.
यह चरण बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है क्योंकि सीट आवंटन केवल CUET स्कोर ही नहीं, बल्कि छात्र द्वारा भरी गई प्राथमिकताओं के आधार पर भी किया जाएगा.
कॉलेज और कोर्स चुनते समय रखें इन बातों का ध्यान
कॉलेज और कोर्स का चयन करते समय जल्दबाजी करने के बजाय सोच-समझकर प्राथमिकता तय करें.
केवल उन्हीं कोर्सों का चयन करें, जिनके लिए आपके CUET विषय पात्रता पूरी करते हों.
अधिक से अधिक कॉलेज और कोर्स विकल्प भरें ताकि सीट मिलने की संभावना बढ़ सके.
प्राथमिकता सूची (Preference List) सावधानी से तैयार करें.
यदि जरूरत हो तो 11 जुलाई तक अपनी पसंद में कई बार बदलाव कर सकते हैं.
अंतिम तिथि के बाद सभी सेव की गई प्राथमिकताएं स्वतः लॉक हो जाएंगी.
पहली मेरिट लिस्ट कब आएगी?
डीयू 16 जुलाई को पहले राउंड की सीट आवंटन सूची जारी करेगा. मेरिट लिस्ट शाम 5 बजे प्रकाशित होने की संभावना है.
सीट मिलने वाले उम्मीदवारों को 18 जुलाई तक उसे स्वीकार करना होगा, जबकि फीस जमा करने की अंतिम तिथि 21 जुलाई तय की गई है.
दूसरे राउंड का शेड्यूल
पहले चरण के बाद 25 जुलाई को दूसरे राउंड का सीट आवंटन किया जाएगा.
25 जुलाई: दूसरी मेरिट लिस्ट जारी
26 जुलाई तक: सीट स्वीकार करने का अवसर
28 जुलाई: फीस जमा करने की अंतिम तिथि
28 जुलाई से शुरू होगा नया शैक्षणिक सत्र
दिल्ली यूनिवर्सिटी ने शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार 28 जुलाई 2026 से नए सत्र की कक्षाएं शुरू करने का निर्णय लिया है. इसी दिन से यूजी और पीजी दोनों पाठ्यक्रमों की पढ़ाई शुरू होगी.
DU शैक्षणिक कैलेंडर 2026-27 की प्रमुख तारीखें
28 जुलाई 2026: नई कक्षाओं की शुरुआत
18–25 अक्टूबर: ऑटम वेकेशन
26 अक्टूबर: कॉलेज दोबारा खुलेंगे
20 नवंबर: प्रैक्टिकल परीक्षाएं शुरू
4 दिसंबर: थ्योरी परीक्षाएं शुरू
25–31 दिसंबर: विंटर वेकेशन
1 जनवरी 2027: अगले सेमेस्टर की शुरुआत
21–28 मार्च: मिड-सेमेस्टर ब्रेक
29 मार्च: कक्षाएं दोबारा शुरू
30 अप्रैल: प्रैक्टिकल परीक्षा
13 मई: थ्योरी परीक्षा
3 जून–20 जुलाई: समर वेकेशन
ओरिएंटेशन प्रोग्राम भी होगा आयोजित
हर साल की तरह इस बार भी नए छात्रों के लिए ओरिएंटेशन और इंडक्शन प्रोग्राम आयोजित किए जाएंगे. इसमें छात्रों को कॉलेज की सुविधाओं, शैक्षणिक व्यवस्था, काउंसलिंग, स्टूडेंट सपोर्ट सर्विस और कैंपस जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी. इन कार्यक्रमों की विस्तृत तारीखें संबंधित कॉलेज बाद में जारी करेंगे.
ये भी पढ़ें- EPFO: करोड़ों कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, कल से PF खातों में आएगा ब्याज, कब मिलेगा पैसा?