Dhurandhar 2 Box Office: 2026 में जहां फिल्म 'बॉर्डर 2' ने अपनी भव्य शुरुआत करते हुए सबसे बड़ी हिंदी फिल्म का दर्जा हासिल किया था, वहीं अब 'धुरंधर 2' ने कुछ ही घंटों में बॉक्स ऑफिस के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. इस फिल्म ने अपनी ओपनिंग के दिन वो कमाल किया, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया.
'बॉर्डर 2' ने शुरुआत में किया था शानदार कलेक्शन
फिल्म 'बॉर्डर 2' ने अपनी रिलीज के पहले दिन 30 करोड़ की कमाई की थी, जो उस समय एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही थी. फिल्म को 37 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी मिली थी और इसे 6,078 शोज में रिलीज किया गया था. 'बॉर्डर 2' ने दुनियाभर में 450.18 करोड़ का लाइफटाइम कलेक्शन किया. भारतीय बाजार में फिल्म ने 392.93 करोड़ और ओवरसीज मार्केट में 57.25 करोड़ की कमाई की थी. फिल्म का निर्देशन अनुराग सिंह ने किया था, और इसमें सनी देओल, वरुण धवन, अहान शेट्टी और दिलजीत दोसांझ जैसे बड़े सितारे थे. सनी देओल की दमदार एक्टिंग और फिल्म के म्यूजिक को दर्शकों ने खूब सराहा था.
'धुरंधर 2' ने मचाया बॉक्स ऑफिस पर तहलका
जहां 'बॉर्डर 2' ने अपनी रिलीज के पहले दिन 30 करोड़ का आंकड़ा छुआ था, वहीं 'धुरंधर 2' ने अपने पहले दिन केवल पेड प्रिव्यूज में ही 43 करोड़ की शानदार कमाई कर ली. इसके बाद पहले दिन की रात तक, यानी 6.30 बजे तक, फिल्म ने 71.08 करोड़ का कलेक्शन कर लिया. फिल्म ने पूरे दिन में 114.08 करोड़ का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया.
धुरंधर 2 में कौन से सितारे हैं?
'धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ रही है. इस फिल्म को आदित्य धर ने निर्देशित किया है, और इसमें रणवीर सिंह ने लीड रोल निभाया है. रणवीर सिंह के अलावा संजय दत्त, आर माधवन, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन, राकेश बेदी और सौम्या टंडन जैसे पॉपुलर सितारे भी फिल्म का हिस्सा हैं. फिल्म में रणवीर का एक्शन अवतार दर्शकों को खासा प्रभावित कर रहा है. फिल्म की शुरुआत से ही इसके शानदार कलेक्शन की उम्मीदें जताई जा रही थीं, और फिल्म ने ये साबित कर दिया कि यह सारी उम्मीदें सही थीं.
पहली फिल्म ने मचाया था ब्लॉकबस्टर हंगामा
'धुरंधर 2' की कहानी को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है क्योंकि यह 2025 में आई 'धुरंधर' का सीक्वल है, जो अपने आप में एक ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर हिट साबित हुई थी. 'धुरंधर' ने दुनियाभर में 1300 करोड़ का कलेक्शन किया था और अब 'धुरंधर 2' को लेकर यह उम्मीद जताई जा रही है कि यह फिल्म उससे भी बड़ा धमाका कर सकती है.
ये भी पढ़ें: 'धुरंधर 2' का बॉक्स ऑफिस पर तूफान, पेड प्रीव्यू से ही मचा दिया तहलका, कर डाली छप्परफाड़ कमाई