Ishank Singh World Record In Swimming: झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले 7 वर्षीय नन्हे तैराक ईशांक सिंह ने अपनी असाधारण क्षमता का परिचय देते हुए 9 घंटे 50 मिनट में 29 किलोमीटर लंबी दुर्गम पाक स्ट्रेट को तैरकर पार किया है. श्रीलंका के तलाईमन्नार से लेकर भारत के धनुषकोडी तक के इस खतरनाक मार्ग को पार करते हुए ईशांक ने न केवल अपना व्यक्तिगत रिकॉर्ड तोड़ा बल्कि वह इस रास्ते को तैरकर पार करने वाले सबसे कम उम्र के तैराक भी बन गए हैं. इसके साथ ही उन्हें यूनिवर्सल रिकॉर्ड्स फोरम (यूआरएफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स) से ‘द यंगेस्ट एंड फास्टेस्ट पाक स्ट्रेट स्वीमर’ का वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रमाणपत्र भी प्राप्त हुआ है.
ईशांक ने तोड़ा जय जसवंत का रिकॉर्ड
ईशांक से पहले यह रिकॉर्ड तमिलनाडु के जय जसवंत के नाम था, जिन्होंने 2019 में 10 वर्ष की आयु में 10 घंटे 30 मिनट में श्रीलंका से भारत की दूरी पूरी की थी. अब ईशांक ने न केवल जय का रिकॉर्ड तोड़ा, बल्कि इस अभियान को तेज और आसान बनाकर एक नया मानक स्थापित किया है. ईशांक की सफलता साबित करती है कि उम्र सिर्फ एक संख्या है, यदि इरादा मजबूत हो तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता.
तैराकी में कड़ी मेहनत और प्रशिक्षण
रांची के डोरंडा स्थित जवाहर विद्या मंदिर (जेवीएम श्यामली) स्कूल के तीसरी कक्षा के विद्यार्थी ईशांक ने यह सफलता प्राप्त करने के लिए रोजाना 4 से 5 घंटे तक धुर्वा डैम में कड़ी मेहनत की. उनके प्रशिक्षक अमन जयसवाल और बजरंग कुमार ने उन्हें विशेष प्रशिक्षण दिया, जिसकी बदौलत वह इस चुनौतीपूर्ण यात्रा को आसानी से पार करने में सफल रहे. ईशांक की यह उपलब्धि सिर्फ उसकी मेहनत का परिणाम नहीं है, बल्कि सही मार्गदर्शन और अनुशासन का भी एक उदाहरण है.
ईशांक ने देश और झारखंड को गर्वित किया
ईशांक का यह साहसिक कारनामा न केवल झारखंड, बल्कि पूरे भारत के लिए गर्व की बात है. उसने अपने अदम्य साहस, जीवटता और अनुशासन के साथ यह सिद्ध कर दिया कि अगर कोई लक्ष्य निर्धारित कर लिया जाए तो उसे हासिल किया जा सकता है. ईशांक की सफलता युवाओं के लिए एक प्रेरणा है कि अगर सच्चे इरादे और कड़ी मेहनत से काम किया जाए, तो किसी भी कठिनाई को पार किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें: New Rules 1st May: LPG, ATF, Credit Card... आज से लागू हुए कई बड़े बदलाव, जेब पर क्या पड़ेगा असर?