शादी-पार्टी हो, त्योहार हो या फिर वीकेंड पर कुछ चटपटा खाने का मन, दही भल्ले का स्वाद हर किसी को पसंद आता है. ठंडे-मीठे दही के साथ खट्टी-मीठी इमली की चटनी, तीखी हरी चटनी और मसालों का जायका इसे खास बना देता है. हालांकि, घर पर दही भल्ले बनाते समय कई बार उड़द दाल के बड़े अंदर से सख्त रह जाते हैं या उनमें गांठें पड़ जाती हैं.
अगर आप भी बाजार जैसे रुई की तरह मुलायम और स्पंजी दही भल्ले घर पर बनाना चाहते हैं, तो इसके लिए बेकिंग सोडा डालने की जरूरत नहीं है. बस उड़द दाल को सही तरीके से पीसना, अच्छी तरह फेंटना और सही आंच पर तलना जरूरी है. आइए जानते हैं सॉफ्ट दही भल्ले बनाने की आसान रेसिपी और कुछ खास टिप्स.
दही भल्ले बनाने के लिए सामग्री
- बिना छिलके वाली उड़द दाल – 1 कप
- अदरक और हरी मिर्च – 1 छोटा चम्मच, बारीक कटी हुई
- हींग – 1/4 छोटा चम्मच
- नमक – स्वादानुसार
- गाढ़ा दही – 2 कप
- पिसी चीनी – 1-2 चम्मच
- भल्ले भिगोने के लिए गुनगुना पानी
- हरी चटनी और इमली की मीठी चटनी – स्वादानुसार
- भुना जीरा पाउडर, काला नमक और लाल मिर्च पाउडर – सजाने के लिए
- ताजा हरा धनिया – बारीक कटा हुआ
दही भल्ले बनाने की आसान विधि
1. उड़द दाल को अच्छी तरह भिगोएं
सबसे पहले उड़द दाल को साफ करके धो लें और 4-5 घंटे के लिए पानी में भिगोकर रख दें. दाल अच्छी तरह फूल जाए तो उसका पानी निकाल दें. अब मिक्सर में दाल को थोड़ा-थोड़ा ठंडा पानी डालकर पीस लें. ध्यान रखें कि पेस्ट ज्यादा पतला न हो.
2. बैटर को अच्छी तरह फेंटना है जरूरी
दाल पीसने के बाद उसमें अदरक, हरी मिर्च, हींग और नमक मिलाएं. अब बैटर को हाथ या चम्मच की मदद से एक ही दिशा में लगातार 8-10 मिनट तक फेंटें. इससे बैटर में हवा भरती है और भल्ले हल्के व स्पंजी बनते हैं. बैटर तैयार हुआ है या नहीं, यह जांचने के लिए एक कटोरी पानी में थोड़ा सा बैटर डालें. अगर वह पानी की सतह पर तैरने लगे, तो समझ लें कि बैटर अच्छी तरह फेंट चुका है.
3. मध्यम-धीमी आंच पर तलें भल्ले
अब कड़ाही में तेल गर्म करें. हाथ या चम्मच की मदद से बैटर के छोटे-छोटे हिस्से गर्म तेल में डालें. इन्हें मध्यम-धीमी आंच पर सुनहरा होने तक तलें. तेज आंच पर तलने से भल्ले बाहर से जल्दी लाल हो सकते हैं, जबकि अंदर से कच्चे रह जाते हैं.
4. गुनगुने पानी में भिगोकर रखें
तले हुए गर्म भल्लों को तुरंत हींग और थोड़ा नमक मिले हल्के गुनगुने पानी में डाल दें. इन्हें 15-20 मिनट तक भीगने दें. इससे भल्ले नरम हो जाएंगे और उनमें मौजूद अतिरिक्त तेल भी निकलने में मदद मिलेगी.
5. दही और मसालों के साथ करें तैयार
अब भल्लों को पानी से निकालकर दोनों हथेलियों के बीच हल्के हाथों से दबाएं, ताकि अतिरिक्त पानी निकल जाए. ध्यान रखें कि ज्यादा जोर से न दबाएं, वरना भल्ले टूट सकते हैं. एक बर्तन में गाढ़ा दही लेकर उसे अच्छी तरह फेंट लें. इसमें पिसी चीनी और स्वादानुसार नमक मिलाएं. अब एक प्लेट में भल्ले रखें और ऊपर से मीठा दही डालें. इसके बाद हरी चटनी, इमली की मीठी चटनी, भुना जीरा पाउडर, काला नमक और लाल मिर्च पाउडर डालें. आखिर में हरे धनिये से सजाकर ठंडा-ठंडा सर्व करें.
दही भल्ले को सॉफ्ट बनाने के 4 सीक्रेट टिप्स
बैटर पतला न रखें: दाल पीसते समय बहुत कम पानी डालें, ताकि बैटर गाढ़ा बना रहे.
अच्छी तरह फेंटें: बैटर को 8-10 मिनट तक एक ही दिशा में फेंटने से उसमें हवा भरती है और भल्ले हल्के बनते हैं.
तेज आंच से बचें: भल्लों को मध्यम-धीमी आंच पर तलें, ताकि वे अंदर तक अच्छी तरह पक सकें.
गुनगुने पानी में भिगोएं: तलने के तुरंत बाद भल्लों को हींग-नमक वाले गुनगुने पानी में डालने से वे नरम और स्पंजी बनते हैं.
यह भी पढ़ें: मिलावट की टेंशन छोड़ें, घर पर तिल का तेल निकालने के लिए अपनाएं ये तरीका