जयपुर अपनी खूबसूरत इमारतों और शाही इतिहास के साथ-साथ लजीज खानपान के लिए भी मशहूर है. यहां मिलने वाली कई पारंपरिक मिठाइयों का स्वाद लोगों को खूब पसंद आता है. इन्हीं में से एक है गुलाब सकरी, जो अपने खास स्वाद और शाही अंदाज के लिए जानी जाती है. मावा, केसर, इलायची और गुलाब जल से बनने वाली इस मिठाई की कीमत करीब 1000 रुपये प्रति किलो बताई जाती है. अच्छी बात यह है कि आप इसे घर पर भी आसानी से बना सकते हैं.
क्या है गुलाब सकरी?
गुलाबी शहर जयपुर में खाने-पीने के शौकीनों के लिए कई खास व्यंजन मौजूद हैं. यहां की पारंपरिक मिठाइयों में गुलाब सकरी का भी खास स्थान है. मावा से तैयार होने वाली इस मिठाई में गुलाब जल और इलायची मिलाई जाती है, जो इसे अलग खुशबू और स्वाद देते हैं. केसर और मेवों से इसका शाही अंदाज और बढ़ जाता है. अगर आपको मावे से बनी मिठाइयां पसंद हैं, तो गुलाब सकरी एक बार जरूर ट्राई कर सकते हैं. इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होती। आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी.
गुलाब सकरी बनाने के लिए सामग्री
- 125 ग्राम चीनी
- 1/4 कप पानी
- केसर के कुछ धागे
- 400 ग्राम बिना मीठा मावा या खोया
- 1 छोटा चम्मच पिसी हुई हरी इलायची
- 2 बड़े चम्मच गुलाब जल (वैकल्पिक)
- 3 बड़े चम्मच कटे हुए पिस्ता और बादाम
- 1 बड़ा चम्मच सूखी गुलाब की पंखुड़ियां (वैकल्पिक)
गुलाब सकरी बनाने का आसान तरीका
सबसे पहले एक भारी तले वाले पैन में चीनी, पानी और केसर के धागे डालें. इसे मीडियम-लो फ्लेम पर गर्म करें और लगातार चलाते रहें, ताकि चीनी अच्छी तरह घुल जाए. चाशनी में झाग आने लगे तो इसे थोड़ा और पकाएं. इसकी जांच के लिए थोड़ी-सी चाशनी बर्फ के पानी में डालें. अगर वह चिपचिपी रहते हुए छोटी गेंद का आकार बना लेती है, तो चाशनी तैयार है.
अब तैयार चाशनी में मावा डालें और लगातार चलाते हुए अच्छी तरह मिलाएं. मावा पिघलने लगे तो इसमें पिसी हुई इलायची, गुलाब जल और कटे हुए मेवों का करीब दो-तिहाई हिस्सा डाल दें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें.
मिश्रण को धीमी आंच पर पकाते रहें. इसे बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि मावा पैन के तले में चिपके नहीं. जब मिश्रण गाढ़ा होने लगे और एक साथ इकट्ठा होने लगे, तो गैस बंद कर दें.
अब तैयार मिश्रण को घी लगी प्लेट या किसी उथले बर्तन में निकालकर फैला दें. ऊपर से बचे हुए मेवे और सूखी गुलाब की पंखुड़ियां डालकर सजा दें. इसे ठंडा होने दें और फिर कुछ घंटों के लिए फ्रिज में रख दें. अच्छी तरह जमने के बाद मनचाहे आकार में काटकर सर्व करें.
यह भी पढ़ें: खाने की थाली में चाहिए खट्टा-तीखा स्वाद? मिनटों में बनाएं आंवले की हरी चटनी