खाने की थाली में चाहिए खट्टा-तीखा स्वाद? मिनटों में बनाएं आंवले की हरी चटनी

सर्दियों के मौसम में खाने की थाली का स्वाद बढ़ाने के लिए ज्यादातर घरों में धनिया या पुदीने की चटनी बनाई जाती है. लेकिन अगर आप रोज-रोज एक जैसा स्वाद खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार कुछ नया ट्राई कर सकते हैं. आंवले की चटपटी हरी चटनी आपके खाने में खट्टा, तीखा और चटपटा ट्विस्ट जोड़ सकती है.

amla-chutney-recipe-easy-winter-green-chutney
Image Source: Internet

सर्दियों के मौसम में खाने की थाली का स्वाद बढ़ाने के लिए ज्यादातर घरों में धनिया या पुदीने की चटनी बनाई जाती है. लेकिन अगर आप रोज-रोज एक जैसा स्वाद खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार कुछ नया ट्राई कर सकते हैं. आंवले की चटपटी हरी चटनी आपके खाने में खट्टा, तीखा और चटपटा ट्विस्ट जोड़ सकती है. इसे बनाना भी बेहद आसान है और इसके लिए आपको ज्यादा मेहनत करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. आंवला विटामिन-सी और कई पोषक तत्वों का अच्छा स्रोत है. इसका खट्टापन चटनी को अलग स्वाद देता है. आप इसे दाल-चावल, पराठे, पकौड़ों या किसी भी पसंदीदा स्नैक के साथ परोस सकते हैं. आइए जानते हैं आंवले की चटनी बनाने की आसान रेसिपी.

आंवले की चटनी बनाने के लिए सामग्री

इस चटनी को तैयार करने के लिए आपको 3-4 ताजे आंवले, एक कप हरा धनिया, 3-4 हरी मिर्च, एक इंच अदरक का टुकड़ा और 5-6 लहसुन की कलियां चाहिए. इसके अलावा एक छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर, एक चुटकी हींग, स्वादानुसार काला और सादा नमक, एक छोटा चम्मच सरसों का तेल और जरूरत के मुताबिक 1-2 चम्मच पानी लें.

इस तरह तैयार करें आंवले की चटपटी चटनी

सबसे पहले आंवलों को अच्छी तरह धोकर सुखा लें. अब इन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर गुठलियां निकाल दें. इसके बाद मिक्सी के चटनी जार में आंवले के टुकड़े, हरा धनिया, हरी मिर्च, अदरक और लहसुन की कलियां डालें.

अब इसमें भुना जीरा पाउडर, हींग, काला नमक और सादा नमक मिलाएं. जार में 1-2 चम्मच ठंडा पानी डालकर सभी चीजों को अपनी पसंद के मुताबिक दरदरा या स्मूथ पीस लें. ध्यान रखें कि पानी ज्यादा न डालें, वरना चटनी पतली हो सकती है.

स्वाद और रंग बढ़ाने के लिए अपनाएं ये ट्रिक

चटनी को पीसते समय धनिया की पत्तियों के साथ उसके मुलायम डंठल भी इस्तेमाल करें. इससे चटनी का रंग अच्छा हरा बना रहता है और स्वाद भी बढ़ता है. चटनी तैयार होने के बाद इसे एक बाउल में निकालें और ऊपर से एक छोटा चम्मच कच्चा सरसों का तेल डालकर अच्छी तरह मिला दें. इससे चटनी में खास तीखापन और पारंपरिक स्वाद आएगा.

पराठे से लेकर पकौड़ों तक के साथ करें सर्व

आपकी खट्टी, तीखी और चटपटी आंवले की हरी चटनी तैयार है. इसे गरमा-गरम पराठों, दाल-चावल, पकौड़ों या स्नैक्स के साथ परोस सकते हैं. चटनी को साफ और सूखे कांच के जार में भरकर फ्रिज में रखें. इसकी ताजगी बनाए रखने के लिए हमेशा साफ और सूखा चम्मच इस्तेमाल करें.

यह भी पढ़ें: समोसा-कचौड़ी छोड़िए, चाय के साथ बनाइए गुजराती पुडला, स्वाद ऐसा कि बार-बार खाएंगे