राजस्थान वालों के लिए गुड न्यूज़, अब घर मिलेंगी 27 सरकारी सेवाएं, WhatsApp E-Mitra सर्विस हुई शुरू

राजस्थान में सरकारी सेवाओं को और अधिक आसान, तेज और डिजिटल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. राज्य सरकार ने WhatsApp E-Mitra सेवा लॉन्च की है, जिसके जरिए नागरिक अब अपने मोबाइल फोन पर ही कई जरूरी सरकारी काम निपटा सकेंगे.

rajasthan-launches-whatsapp-e-mitra-for-27-government-services
Image Source: Magnific

जयपुर: राजस्थान में सरकारी सेवाओं को और अधिक आसान, तेज और डिजिटल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. राज्य सरकार ने WhatsApp E-Mitra सेवा लॉन्च की है, जिसके जरिए नागरिक अब अपने मोबाइल फोन पर ही कई जरूरी सरकारी काम निपटा सकेंगे. इस नई सुविधा के माध्यम से लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी. फिलहाल 27 सरकारी सेवाएं व्हाट्सऐप के जरिए उपलब्ध कराई गई हैं और सरकार आने वाले समय में इस संख्या को बढ़ाकर 100 करने की तैयारी कर रही है.

क्या है WhatsApp E-Mitra?

WhatsApp E-Mitra, राजस्थान सरकार की ई-गवर्नेंस पहल का नया डिजिटल विस्तार है. यह पहले से संचालित ई-मित्र सेवा का आधुनिक संस्करण है, जिसमें नागरिक सीधे व्हाट्सऐप चैटबॉट के माध्यम से सरकारी सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं.

इस प्लेटफॉर्म के जरिए लोग घर बैठे मूल निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र, राशन कार्ड से जुड़ी सेवाओं सहित कई अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ ले सकेंगे. इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी इसी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी.

कैसे लें सेवा का लाभ?

  • WhatsApp E-Mitra सेवा का लाभ लेने के लिए लोगों को अपने स्मार्टफोन में वॉट्सऐप इंस्टॉल करना होगा.
  • इसके बाद वॉट्सऐप में जाकर ई-मित्र के नंबर 94610-62705 पर 'Hi' टाइप करके मैसेज भेजना होगा.
  • इसके बाद वॉट्सऐप ई-मित्र का चैटबॉट एक्टिवेट हो जाएगा और आपसे सेवाओं के बारे में पूछेगा.
  • आपको जिस सेवा का लाभ लेना है उसे चुनें और आगे बढ़ें.
  • राजस्थान सरकार ने इस चैटबॉच को दो भाषाओं हिन्दी और अंग्रेजी में लॉन्च किया है.

27 सेवाएं अभी उपलब्ध

राज्य सरकार ने शुरुआत में 27 सेवाओं को WhatsApp E-Mitra से जोड़ा है. सरकार का लक्ष्य धीरे-धीरे विभिन्न विभागों की करीब 100 सेवाओं को इस प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराना है. इससे नागरिकों को एक ही माध्यम से अधिकांश सरकारी सेवाएं आसानी से मिल सकेंगी. डिजिटल प्लेटफॉर्म के विस्तार से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लोगों को समान रूप से लाभ मिलने की उम्मीद है. खासकर उन लोगों के लिए यह सुविधा उपयोगी होगी, जिन्हें छोटे-छोटे सरकारी कार्यों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे.

क्या इस सुविधा के लिए कोई शुल्क देना होगा?

सरकार ने स्पष्ट किया है कि WhatsApp E-Mitra का उपयोग पूरी तरह निशुल्क रहेगा. नागरिकों से किसी प्रकार की प्लेटफॉर्म फीस या अतिरिक्त सेवा शुल्क नहीं लिया जाएगा. यानी लोग बिना किसी अतिरिक्त खर्च के व्हाट्सऐप के जरिए सरकारी सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे.

इसके अलावा यह सेवा 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध रहेगी. चैटबॉट आधारित सिस्टम होने के कारण लोग अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी समय आवश्यक सेवाओं के लिए आवेदन कर सकेंगे.

सुरक्षा को लेकर क्या है सरकार का दावा?

डिजिटल सेवाओं में सबसे बड़ा सवाल डेटा सुरक्षा का होता है. इसे ध्यान में रखते हुए राजस्थान सरकार ने कहा है कि WhatsApp E-Mitra पूरी तरह सुरक्षित प्लेटफॉर्म है. किसी भी सेवा का लाभ लेने से पहले यूजर को OTP आधारित ऑथेंटिकेशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी. इसके साथ ही सिस्टम में API लेवल इंटीग्रेशन किया गया है, जिससे डेटा सुरक्षित रहता है और केवल अधिकृत उपयोगकर्ता को ही संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाती है. सरकार का कहना है कि नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है.

ये भी पढ़ें: पीएम मोदी का कल राजस्थान-गुजरात दौरा, करोड़ों की परियोजनाओं की देंगे सौगात, जानें पूरी जानकारी