राजस्थान में हाईवे पर भयानक हादसा, पलटे टैंकर से 200 मीटर तक भड़की आग, एक शख्स जिंद जला

राजस्थान के जालोर जिले में बुधवार दोपहर को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब नेशनल हाईवे-48 पर एक तेल टैंकर पलट गया और उसमें आग लग गई. यह हादसा सिंवाड़ा ओवरब्रिज के पास हुआ, जिससे हाईवे पर आग की लपटें फैल गईं और वहां अफरा-तफरी मच गई.

rajasthan jalore Sanchor oil tanker Fire Incident a person died
Image Source: Social Media

राजस्थान के जालोर जिले में बुधवार दोपहर को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब नेशनल हाईवे-48 पर एक तेल टैंकर पलट गया और उसमें आग लग गई. यह हादसा सिंवाड़ा ओवरब्रिज के पास हुआ, जिससे हाईवे पर आग की लपटें फैल गईं और वहां अफरा-तफरी मच गई. इस भयावह घटना में टैंकर में सवार एक व्यक्ति की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दूसरा किसी तरह जान बचाकर बाहर निकलने में सफल रहा.

कैसे हुआ हादसा?

हादसा बुधवार दोपहर करीब 2 बजे हुआ. जानकारी के मुताबिक, टैंकर बाड़मेर से सांचौर की ओर जा रहा था. जब वह जैसलमेर-जामनगर (गुजरात) हाईवे पर सिंवाड़ा ओवरब्रिज के पास पहुंचा, तो अचानक अनियंत्रित हो गया और पलट गया. टैंकर पलटने के कारण तेल सड़क पर फैल गया, और उसके बाद इस तेल ने आग पकड़ ली. टैंकर में भरे ज्वलनशील पदार्थ के चलते आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं और करीब 200 मीटर तक सड़क को अपनी चपेट में ले लिया. इस घटना में टैंकर में सवार एक व्यक्ति जिंदा जल गया.

मृतक और घायल की पहचान

इस हादसे में मृतक की पहचान सुखराम पुत्र देदाराम मेघवाल के रूप में हुई है, जो गुड़ामालानी के मोखावा क्षेत्र का निवासी था. वहीं, हादसे में घायल हुए व्यक्ति का नाम नरसीराम पुत्र जोधाराम मेघवाल बताया जा रहा है, जो गोलिया गर्वा का निवासी है. वह किसी तरह इस भयंकर हादसे में बचकर बाहर निकलने में सफल रहा, लेकिन उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

भारत पेट्रोलियम कंपनी का था टैंकर

हादसे के बाद घटनास्थल पर तुरंत पुलिस और प्रशासन की टीमें पहुंचीं. सांचौर एसडीएम प्रमोद कुमार और सिंवाड़ा चौकी से पुलिस बल मौके पर पहुंचा. इसके अलावा, सांचौर से एक फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी आई और आग बुझाने के प्रयासों में जुटी. चितलवाना थानाधिकारी भंवरलाल गुड़ियासर के अनुसार, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि टैंकर में कौन सा ज्वलनशील पदार्थ भरा था. हादसे का शिकार हुआ टैंकर भारत पेट्रोलियम कंपनी का था और इसका नंबर GJ-12-BZ-9820 था.

जांच जारी

फिलहाल, पुलिस और संबंधित अधिकारियों द्वारा मामले की जांच की जा रही है. हादसे के कारणों और टैंकर में भरे पदार्थ की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके.

ये भी पढ़ें: BHAVYA योजना, FCRA बिल को मंजूरी... मोदी कैबिनेट की बैठक में लिए गए बड़े फैसले