दिवाली जैसे-जैसे नज़दीक आ रही है, गुलाबी नगरी जयपुर के बाजार रौशनी और रंगों से ही नहीं, बल्कि अनोखी और बेहद प्रीमियम मिठाइयों की खुशबू से भी महकने लगे हैं. इस बार शहर की नामी मिठाई दुकानों ने पारंपरिक मिठास को शाही अंदाज़ में पेश किया है. ऐसी मिठाइयाँ जो स्वाद, सेहत और स्टाइल, तीनों का शानदार मेल हैं.
1. स्वर्ण प्रसादम: मिठाई नहीं, शाही सौगात
जयपुर की एक प्रतिष्ठित मिठाई दुकान ने इस बार 'स्वर्ण प्रसादम' नाम की एक खास मिठाई लॉन्च की है, जिसकी कीमत सुनकर किसी को भी हैरानी हो सकती है — ₹1,11,000 प्रति किलो! इसका मुख्य घटक चिलगोजा है, जिसे केसर, स्वर्ण भस्म और जैन मंदिर के विशेष वर्क के साथ सजाया गया है. इसकी पैकेजिंग किसी ज्वेलरी बॉक्स से कम नहीं और इसे खासतौर पर हाई-एंड ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. इतना ही नहीं, ‘स्वर्ण भस्म भारत’ नाम से एक और मिठाई पेश की गई है, जिसकी कीमत ₹85,000 प्रति किलो है. दोनों ही मिठाइयां सिर्फ स्वाद नहीं, बल्कि लक्ज़री का अनुभव भी देती हैं.
#WATCH | Jaipur, Rajasthan | A sweet shop in Jaipur launches a sweet named 'Swarn Prasadam' priced at Rs 1,11,000 infused with 24 carat edible gold, known as Gold ashes or 'Swarn Bhasma' pic.twitter.com/qrZSaYFCn2
— ANI (@ANI) October 18, 2025
2. पटाखा थाल और दीयों जैसी मिठाइयाँ: बच्चों के लिए भी खास
त्योहार के रंग को मिठाइयों में ढालते हुए दुकानदारों ने ‘पटाखा थाल’ भी तैयार किया है जिसमें काजू से बनी मिठाइयाँ सुतली बम, अनार और चकरी के आकार की हैं. इन सभी को देखकर एक झलक में पहचान पाना मुश्किल है कि ये असल में मिठाइयाँ हैं या असली पटाखे. दियों के आकार में तैयार की गई मिठाइयाँ भी बाजार की शोभा बढ़ा रही हैं, जो बच्चों के बीच काफी लोकप्रिय हो रही हैं. इनमें अंजीर, बादाम, पिस्ता, अखरोट और ड्रायफ्रूट से बनी हेल्थ फ्रेंडली मिठाइयाँ भी शामिल हैं.
3. फ्यूजन फ्लेवर वाली ड्रीम सीरीज़: ज़माने के साथ स्वाद का मेल
नए दौर की पसंद को ध्यान में रखते हुए ‘ड्रीम सीरीज़’ भी पेश की गई है जिसमें पारंपरिक काजू बेस को फ्यूजन फ्लेवर से जोड़ा गया है. इसमें चॉकलेट, रेड वेलवेट, लेमन, हेज़लनट और बबलगम जैसे स्वादों को शामिल किया गया है खासकर युवाओं और बच्चों की पसंद को ध्यान में रखते हुए.
4. पारंपरिक स्वाद का भी रखा गया ख्याल
हालांकि आधुनिक स्वादों की भरमार है, लेकिन गुलाब सकरी, थाल की बर्फी और घेवर जैसी पारंपरिक मिठाइयाँ भी इस बार के कलेक्शन में प्रमुख स्थान रखती हैं. स्टोर की ओनर अंजली जैन के अनुसार, लोगों की बढ़ती सेहत जागरूकता को देखते हुए पंचमेवा लड्डू, अंजीर-बादाम और बिस्कॉफ-बादाम जैसी हेल्दी मिठाइयों की भी जबरदस्त मांग है.
यह भी पढ़ें: 14 दिन पहले ही खरीदी थी बस... न होती ये खामियां तो बच जाती जान, जैसलमेर में कैसे हुआ बस हादसा?