राजस्थान के बीकानेर में भीषण सड़क हादसा, कार-ट्रक की आमने-सामने से जोरदार टक्कर, 6 लोगों की मौत

Bikaner Road Accident: श्री डूंगरगढ़ के पास नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है.

Rajasthan Bikaner Road Accident Car Truck Collision 6 died
Image Source: Social Media

Bikaner Road Accident: राजस्थान के बीकानेर जिले में सोमवार का दिन एक परिवार के लिए ऐसी त्रासदी लेकर आया, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. श्री डूंगरगढ़ के पास नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है. तेज रफ्तार कार और ट्रक की आमने-सामने हुई टक्कर इतनी भयावह थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

कार बनी मलबे का ढेर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, श्री डूंगरगढ़ क्षेत्र में सीजराल होटल के पास एक कार और ट्रक आमने-सामने टकरा गए. दोनों वाहनों की रफ्तार काफी तेज बताई जा रही है. भिड़ंत के बाद कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए. दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि छह लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और प्रशासन को सूचना दी.

इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों में तीन पुरुष, एक महिला और एक किशोरी शामिल हैं. वहीं एक अन्य लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई. उसे पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बीकानेर रेफर कर दिया गया. डॉक्टरों के अनुसार घायल लड़की की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है. उसका इलाज विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में किया जा रहा है.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचीं एंबुलेंस

दुर्घटना की खबर मिलते ही स्थानीय स्तर पर राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया. आपणो गांव सेवा समिति की एंबुलेंस और टोल प्लाजा की एंबुलेंस तत्काल मौके पर पहुंचीं. सेवादारों और स्थानीय लोगों ने मिलकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद शवों को वाहन से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया. वहीं घायल युवती को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई ताकि उसकी जान बचाई जा सके.

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी. शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और दोनों वाहनों की आमने-सामने हुई भिड़ंत हो सकती है. पुलिस मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने के साथ-साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.

ये भी पढ़ें: जयपुर में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान हंगामा, अभिजीत दीपके को युवक ने जड़ा थप्पड़; VIDEO