CJP Protest in Jaipur: राजस्थान की राजधानी जयपुर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीप्के पर एक युवक ने हमला कर दिया. शहीद स्मारक पर चल रहे प्रदर्शन के दौरान हुई इस घटना ने वहां मौजूद कार्यकर्ताओं और पुलिस प्रशासन को भी सकते में डाल दिया. देखते ही देखते शांतिपूर्ण प्रदर्शन का माहौल तनाव में बदल गया और मौके पर जमकर हंगामा हुआ.
जयपुर- शहीद स्मारक पर प्रदर्शन के दौरान हंगामा
— Bharat 24 - Vision Of New India (@Bharat24Liv) June 15, 2026
कॉकरोच जनता पार्टी के अभिजीत दीपके से हाथापाई
प्रदर्शन में अभिजीत दीपके के पहुंचते ही धक्का मुक्की
हाथापाई करने वाले युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया
प्रदर्शन वाली जगह पर हुआ भारी हंगामा
Watch : https://t.co/3fJ4B969tt#Jaipur… pic.twitter.com/BthtyTPOQu
सभा स्थल में प्रवेश करते समय मारे गए थप्पड़
जानकारी के अनुसार, अभिजीत दीप्के जैसे ही सभा स्थल पर पहुंचे, उसी दौरान कुछ युवक उनके करीब आ गए. आरोप है कि इनमें से एक युवक ने अभिजीत को थप्पड़ मार दिया और फिर लगातार कई थप्पड़ जड़ दिए. अचानक हुए इस हमले से वहां मौजूद लोग हैरान रह गए. घटना के बाद हमलावर वहां से भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन माहौल पूरी तरह गरमा चुका था.
समर्थकों ने हमलावरों को पकड़कर की पिटाई
अभिजीत दीप्के पर हुए हमले की खबर फैलते ही उनके समर्थक आक्रोशित हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ कार्यकर्ताओं ने हमलावर युवकों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी. इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की. बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया और कई युवकों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी.
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने फिलहाल तीन से चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है, हालांकि उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है. घटना के बाद कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी गई, लेकिन अभिजीत दीप्के ने अपने समर्थकों से संयम बरतने और शांति बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखना है और किसी भी तरह की हिंसा से बचना चाहिए.
क्या है कॉकरोच जनता पार्टी का आंदोलन?
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) कोई मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल नहीं है, बल्कि युवाओं द्वारा शुरू किया गया एक व्यंग्यात्मक सामाजिक आंदोलन है. इसकी शुरुआत मई 2026 में अभिजीत दीप्के ने की थी. यह अभियान बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार पर सवाल उठाने का काम कर रहा है. दिल्ली, लखनऊ और जयपुर समेत कई शहरों में इसके प्रदर्शन चर्चा का विषय बने हुए हैं.
ये भी पढ़ें: Abhishek Banerjee Reaches ED Office: ED दफ्तर पहुंचे अभिषेक बनर्जी! स्कूल भर्ती घोटाले में पूछताछ तेज