राजस्थान के खैरथल-तिजारा इलाके से रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यह मामला लोगों को उत्तर प्रदेश के मेरठ में हुए चर्चित "नीले ड्रम वाले मुस्कान हत्याकांड" की याद दिला रहा है. यहां भी एक नीला प्लास्टिक ड्रम मौत का राज़ छुपाए मिला. जब ड्रम खोला गया तो उसमें 35 वर्षीय युवक हंसराम का शव नमक में दबा हुआ बरामद हुआ. इस सनसनीखेज खुलासे ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है.
कौन था हंसराम?
हंसराम मूल रूप से उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर का रहने वाला था. पिछले छह महीने से वह अपने परिवार—पत्नी और तीन बच्चों के साथ आदर्श कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था. रोज़गार के लिए वह पास की किराना दुकान पर काम करता था. शनिवार रात को जब मकान मालकिन ने घर का दरवाजा खुला देखा और छत की ओर गईं, तो उन्हें नीले ड्रम से तेज़ बदबू आने लगी. शंका होने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ड्रम खोला तो उसके अंदर नमक से ढका हंसराम का शव मिला. यह नजारा देख हर कोई सन्न रह गया.
हत्या के बाद नमक क्यों डाला गया?
पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद शव पर नमक डालकर ड्रम में बंद किया गया था. दरअसल, नमक का इस्तेमाल शव को लंबे समय तक खराब होने से रोकने और दुर्गंध को छुपाने के लिए किया गया था. यह तरीका पुलिस को भी चौंकाने वाला लगा. शुरुआती आशंका है कि हत्या किसी नज़दीकी व्यक्ति ने की होगी.
परिवार और मकान मालिक का बेटा लापता
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के बाद से मृतक की पत्नी और उसके तीन बच्चे घर से गायब हैं. इसके अलावा मकान मालिक का बेटा भी कहीं नजर नहीं आ रहा. पुलिस ने सभी की तलाश शुरू कर दी है और हत्या के एंगल से पूरे मामले की पड़ताल कर रही है. थाना प्रभारी नीरज ने बताया कि सुराग इकट्ठा किए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों का पता लगा लिया जाएगा.
धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या
फिलहाल की जांच में पुलिस को यह संकेत मिले हैं कि हंसराम की हत्या धारदार हथियार से गला रेतकर की गई. एफएसएल टीम ने मौके से सबूत इकट्ठा किए हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हत्या में परिवार और मकान मालिक के बेटे की भूमिका क्या रही.
नीले ड्रम कांड की याद ताजा
खैरथल-तिजारा का यह मामला इसलिए सुर्खियों में है क्योंकि इसमें वही पैटर्न दिखा जो मेरठ के चर्चित नीले ड्रम कांड में सामने आया था. उस केस में पत्नी ने पति की हत्या कर शव को ड्रम में छिपा दिया था. दोनों मामलों में एक जैसे तरीके अपनाए जाने से लोगों में दहशत और सवाल दोनों गहराए हैं.
ये भी पढ़ें: ना बंदूक, ना ही चाकू... कौन है वो खतरनाक सीरियल किलर, जिसने सिर्फ रुमाल से कर दी थी 900 लोगों की हत्या