Weather: देशभर में जनवरी के आखिरी हफ्ते में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है. 23 से 26 जनवरी के बीच कई राज्यों में मौसम सक्रिय रहने की संभावना जताई गई है. राजधानी दिल्ली में सुबह की शुरुआत तेज ठंडी हवाओं और बारिश के साथ हुई, जिससे लोगों को ठंड का ज्यादा एहसास हुआ. मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए तेज हवाओं और गरज-चमक को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है.
दिल्ली में आज अधिकतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. हालांकि आने वाले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है, जिससे ठंड और बढ़ेगी.
पहाड़ी राज्यों में बारिश और भारी बर्फबारी का अलर्ट
उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में मौसम और ज्यादा सख्त हो सकता है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई जगहों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है. खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हो सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने के आसार हैं. कश्मीर घाटी के लिए भारी बारिश और बर्फबारी का विशेष अलर्ट जारी किया गया है.
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊपरी इलाकों में भी तेज बर्फबारी की चेतावनी दी गई है, जिससे तापमान में तेज गिरावट दर्ज की जा सकती है और ठंड और ज्यादा बढ़ सकती है.
मैदानी राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
मैदानी इलाकों की बात करें तो पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज आंधी चलने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी 23 और 24 जनवरी के दौरान मौसम करवट ले सकता है और कुछ जिलों में बारिश दर्ज की जा सकती है. उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के लिए बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है.
ओलावृष्टि का भी खतरा
मौसम विभाग ने ओलावृष्टि को लेकर भी अलर्ट जारी किया है. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ओले गिरने की संभावना है. इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, पंजाब और राजस्थान के कुछ इलाकों में भी ओलावृष्टि हो सकती है, जिससे किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है.
दक्षिण और पश्चिम भारत में भी बदलेगा मौसम
दक्षिण और पश्चिम भारत में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. वहीं 25 और 26 जनवरी को तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और केरल में बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है. खासतौर पर 25 जनवरी को तमिलनाडु और पुडुचेरी के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है.
तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा
तापमान की स्थिति पर नजर डालें तो उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद अगले दो दिनों में फिर से तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है. इसके बाद एक बार फिर तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है.
मध्य भारत और महाराष्ट्र में भी पहले तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी, फिर गिरावट आएगी और उसके बाद मौसम स्थिर होने की उम्मीद है.
कोहरा और कोल्ड डे जैसी स्थिति का अलर्ट
कोहरे को लेकर भी मौसम विभाग सतर्क है. 25 और 26 जनवरी को पंजाब और हरियाणा में सुबह और रात के समय घना से बहुत घना कोहरा छा सकता है. राजस्थान में 24 से 26 जनवरी के बीच कोहरे की संभावना जताई गई है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी कोहरा बने रहने के आसार हैं.
इसके अलावा हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में कोल्ड डे जैसी स्थिति बन सकती है, जिससे दिन के समय भी ठंड का असर बना रहेगा.
ये भी पढ़ें- क्रैश टेस्ट में Tata Punch का जलवा बरकरार, फिर मिली 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग, जानें कैसा रहा प्रदर्शन?