Delhi Rain: पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे दिल्ली-एनसीआर के लोगों को आखिरकार राहत मिली है. देर रात से ही कई इलाकों में तेज हवाएं चलनी शुरू हो गईं और उसके साथ बारिश भी हुई, जिससे तापमान में गिरावट महसूस की गई.
मौसम विभाग के अनुसार आज पूरे दिन आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और अलग-अलग क्षेत्रों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है. इस बदलाव से झुलसाने वाली गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.
सुबह-सुबह बारिश, तापमान में गिरावट
राजधानी दिल्ली में आज तड़के करीब 5 बजे से ही तेज बारिश का दौर शुरू हो गया. इसके साथ चल रही हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया.
#WATCH | Strong winds and rain showers bring a pleasant change in Delhi's weather, which has been grappling with intense heat wave conditions for the past days. Visuals from Kushak Road. pic.twitter.com/HU2JLsm2to
— ANI (@ANI) April 29, 2026
मंगलवार को भी बादलों और हल्की बूंदाबांदी के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी. करीब छह दिनों के बाद अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आया, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली.
दिन भर रह सकता है बदलता मौसम
मौसम विभाग का अनुमान है कि आज का दिन उतार-चढ़ाव भरा रहेगा. शाम तक कई बार आंधी और बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं. इसके साथ ही तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है.
30 अप्रैल को मौसम थोड़ा स्थिर हो सकता है, लेकिन आसमान पूरी तरह साफ रहने की संभावना नहीं है. कुछ इलाकों में हल्की बारिश जारी रह सकती है.
1 और 2 मई को मौसम साफ रहने के आसार हैं, जबकि 3 से 5 मई के बीच फिर से बारिश होने का अनुमान है.
कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर के अलावा देश के कई राज्यों में भी मौसम ने करवट ली है. उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, हरियाणा और पंजाब समेत कई इलाकों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
इसके अलावा दक्षिण और पूर्वोत्तर के राज्यों जैसे तमिलनाडु, केरल, असम, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
पहाड़ी क्षेत्रों जैसे हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू क्षेत्र में भी मौसम बिगड़ने की संभावना है.
पिछले 24 घंटे में गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड
अगर बीते 24 घंटों की बात करें, तो दिल्ली में गर्मी अपने चरम पर रही. अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था, जो सामान्य से काफी ज्यादा है.
रात में भी राहत नहीं मिली, क्योंकि न्यूनतम तापमान भी ऊंचा बना रहा. बारिश न होने के कारण उमस और गर्मी दोनों ने लोगों को परेशान किया. हालांकि अब हुई बारिश से हालात में थोड़ी राहत जरूर आई है.
ये भी पढ़ें- Heatwave: भारत में हीटवेव बनी जानलेवा, हर साल लू की चपेट में आने से कितनी मौतें? देखें आंकड़े