Indian Railways Special Trains: त्योहारों का मौसम आते ही ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ चरम पर पहुंच जाती है. ऐसे में हर मिनट कीमती होता है, लेकिन विशेष ट्रेनें अक्सर देरी का शिकार हो जाती हैं. अब रेलवे ने इस लापरवाही पर लगाम कसने का फैसला किया है. रेलवे बोर्ड ने विशेष ट्रेनों की रोज़ाना निगरानी और समयपालन की सख्त व्यवस्था लागू कर दी है.
रेलवे बोर्ड ने देशभर के मंडल रेल प्रबंधकों (डीआरएम) को साफ निर्देश दिया है, “विशेष ट्रेनों में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.” अब डीआरएम खुद इन ट्रेनों की स्थिति पर नजर रखेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि ट्रेनें अपने तय समय पर चलें. इससे पहले माना जाता था कि विशेष ट्रेनों की निगरानी नियमित ट्रेनों जैसी नहीं होती, जिससे देरी सामान्य हो जाती थी.
रेल भवन से रियल टाइम मॉनिटरिंग
रेलवे ने अब रेल भवन में वॉर रूम से सभी विशेष ट्रेनों की रियल टाइम ट्रैकिंग शुरू कर दी है. इससे पूरे देश में चल रही फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों की स्थिति पर हर मिनट नजर रखी जाएगी.
हर सेकेंड का हिसाब मांगेगा रेलवे
अगर कोई मेल या एक्सप्रेस ट्रेन पहले से देरी से चल रही है और किसी नए मंडल की सीमा में प्रवेश करती है, तो अब उस मंडल की जिम्मेदारी होगी कि देरी कम करे, बढ़ाए नहीं. इस पैरामीटर को अब मंडलों के प्रदर्शन मूल्यांकन में भी जोड़ा जाएगा.
भरोसेमंद सेवा, सटीक संचालन
रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक (सूचना एवं प्रचार) दिलीप कुमार ने बताया कि यह पहल सिर्फ ट्रेनों को समय पर लाने की नहीं, बल्कि यात्रियों के भरोसे को फिर से जीतने की कोशिश है. समय पर ट्रेनें चलेंगी, तो यात्रियों की असुविधा कम होगी और रेलवे की छवि और भरोसा दोनों मजबूत होंगे.
यह भी पढ़ें- इस साल दिल्ली की दिवाली होगी धमाकेदार! रेखा गुप्ता सरकार जाएगी सुप्रीम कोर्ट, जानें क्या है उनकी मांग