PNB के ग्राहक ध्यान दें! 16 अप्रैल से पहले पूरा कर लें ये जरूरी काम, वरना बंद हो जाएगा अकाउंट

बैंकिंग से जुड़ी छोटी सी लापरवाही कई बार बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है. अगर आपका खाता लंबे समय से इस्तेमाल में नहीं है, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है.

Punjab National Bank customers must complete their KYC before April 16
Image Source: Social Media

बैंकिंग से जुड़ी छोटी सी लापरवाही कई बार बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है. अगर आपका खाता लंबे समय से इस्तेमाल में नहीं है, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. पंजाब नेशनल बैंक ने अपने ग्राहकों को अलर्ट जारी करते हुए साफ कहा है कि तय समय सीमा तक जरूरी प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर बैंक खाते बंद किए जा सकते हैं.

बैंक ने जारी किया जरूरी अलर्ट

पंजाब नेशनल बैंक ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए ग्राहकों को सूचित किया है कि उन्हें 15 अप्रैल 2026 तक अपनी KYC प्रक्रिया पूरी करनी होगी. बैंक ने स्पष्ट किया है कि यह निर्देश सभी ग्राहकों के लिए नहीं, बल्कि उन खाताधारकों के लिए है जिनके खाते लंबे समय से निष्क्रिय पड़े हैं.

किन खातों पर पड़ेगा असर?

बैंक के अनुसार, जिन खातों में पिछले तीन वर्षों से कोई लेनदेन नहीं हुआ है और जिनका बैलेंस शून्य है, उन्हें इस प्रक्रिया के दायरे में रखा गया है. ऐसे ग्राहकों को 15 अप्रैल 2026 से पहले अपनी नजदीकी शाखा में जाकर KYC अपडेट कराना अनिवार्य होगा. यदि निर्धारित समय तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की जाती है, तो 16 अप्रैल 2026 से खाते बंद कर दिए जाएंगे.

निष्क्रिय खाते की क्या है परिभाषा?

भारतीय रिजर्व बैंक के नियमों के अनुसार, कोई भी बचत या चालू खाता तब निष्क्रिय माना जाता है जब उसमें दो साल से अधिक समय तक ग्राहक द्वारा कोई लेनदेन नहीं किया गया हो. ऐसे खातों को बैंक सुरक्षा कारणों से अलग श्रेणी में रखता है और समय-समय पर उनकी समीक्षा करता है.

केवाईसी अपडेट क्यों है जरूरी?

KYC यानी “Know Your Customer” प्रक्रिया बैंकिंग सिस्टम की एक अहम कड़ी है, जिसके जरिए ग्राहक की पहचान और दस्तावेजों का सत्यापन किया जाता है. यह प्रक्रिया न सिर्फ बैंकिंग सेवाओं को सुरक्षित बनाती है, बल्कि धोखाधड़ी जैसी गतिविधियों को रोकने में भी मदद करती है. इसलिए पंजाब नेशनल बैंक ने ग्राहकों को समय रहते इसे पूरा करने की सलाह दी है.

क्या करें ग्राहक?

अगर आपका खाता लंबे समय से निष्क्रिय है, तो तुरंत अपनी नजदीकी शाखा में जाकर जरूरी दस्तावेजों के साथ KYC प्रक्रिया पूरी कर लें. इसमें पहचान पत्र, पता प्रमाण और अन्य आवश्यक फॉर्म शामिल होते हैं. समय रहते यह काम पूरा करने से आपका खाता सक्रिय बना रहेगा और किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सकेगा.

ये भी पढ़ें: EPFO 3.0 को लेकर आया बड़ा अपडेट, अब इतने समय में निकाल सकेंगे पैसा; प्रक्रिया हुई और आसान