EPFO 3.0 को लेकर आया बड़ा अपडेट, अब इतने समय में निकाल सकेंगे पैसा; प्रक्रिया हुई और आसान

EPFO 3.0 Login: सरकार ने लोकसभा में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के नए सिस्टम EPFO 3.0 को लेकर अहम जानकारी दी है. इस नए सिस्टम का मकसद लोगों को जल्दी और आसान सेवाएं देना है.

EPFO 3.0 brings major update allowing withdrawals within this timeframe process simplified
Image Source: Social Media

EPFO 3.0 Login: सरकार ने लोकसभा में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के नए सिस्टम EPFO 3.0 को लेकर अहम जानकारी दी है. इस नए सिस्टम का मकसद लोगों को जल्दी और आसान सेवाएं देना है. अब क्लेम जल्दी निपट रहे हैं, पेंशन सिस्टम बेहतर हुआ है और पूरी प्रक्रिया को काफी आसान बना दिया गया है.

श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने बताया कि EPFO 3.0 के तहत ज्यादातर सेवाएं डिजिटल की जा रही हैं, ताकि लोगों को कम समय में ज्यादा सुविधा मिल सके.

पेंशन सिस्टम हुआ बेहतर

सरकार के मुताबिक, सेंट्रलाइज्ड पेंशन पेमेंट सिस्टम (CPPS) अब पूरी तरह लागू हो चुका है. 1 जनवरी 2025 से EPFO के सभी दफ्तर इसी सिस्टम पर काम कर रहे हैं. इसका फायदा यह हुआ है कि हर महीने 70 लाख से ज्यादा पेंशनभोगियों को समय पर और सही तरीके से पेंशन मिल रही है.

ऑटो मोड में हो रहा क्लेम सेटल

अब क्लेम निपटाने का तरीका भी काफी आसान हो गया है. 25 फरवरी 2026 तक 5 लाख रुपये तक के 3.52 करोड़ से ज्यादा क्लेम ऑटो मोड में निपटाए गए हैं. इस वित्त वर्ष में कुल एडवांस क्लेम में से 71% से ज्यादा क्लेम बिना किसी मैनुअल प्रोसेस के पूरे हुए हैं. इनका कुल भुगतान करीब 51,620 करोड़ रुपये रहा है.

नौकरी बदलने पर आसान ट्रांसफर

अगर कोई कर्मचारी नौकरी बदलता है, तो अब EPF अकाउंट ट्रांसफर अपने आप हो जाता है. 25 फरवरी 2026 तक 70 लाख से ज्यादा ट्रांसफर क्लेम ऑटोमेटिक तरीके से शुरू हुए हैं. अब KYC पूरा होने के बाद न तो पुराने और न ही नए नियोक्ता की मंजूरी जरूरी है. इसके अलावा लाखों कर्मचारियों ने खुद ही बिना कंपनी की मदद के ट्रांसफर क्लेम जमा किए हैं.

अब 3 दिन में पूरा काम

EPFO 3.0 का सबसे बड़ा फायदा यह है कि अब काम बहुत तेजी से हो रहा है. पहले जहां क्लेम निपटाने में करीब 20 दिन लगते थे, अब वही काम 3 दिन से भी कम समय में पूरा हो रहा है. कुल मिलाकर, यह नया सिस्टम लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है, जिससे उन्हें कम समय में बेहतर और आसान सेवाएं मिल रही हैं.

ये भी पढ़ें- स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास इंडियन नेवी का ऑपरेशन 'संकल्प', दो वॉरशिप तैनात, टैंकरों को कर रहा एस्कॉर्ट