Patiala News: पटियाला में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां डीसीडब्ल्यू ओवरब्रिज के पास नीले रंग के ड्रम में एक युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि किसी ने युवती के शव को ड्रम में बंद करके कूड़े के ढेर के पास फेंक दिया था. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
ड्रम में बंद थी युवती की बॉडी
स्थानीय लोगों ने जब संदिग्ध हालत में ड्रम पड़ा देखा तो पुलिस को जानकारी दी गई. इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ड्रम खोलकर शव को बाहर निकाला. शुरुआती जांच में पुलिस को शक है कि युवती पंजाब से बाहर की रहने वाली हो सकती है.
हाथ पर बना मिला ‘नेहा’ नाम का टैटू
पुलिस को युवती के शरीर पर कुछ टैटू मिले हैं, जिनके जरिए उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है. युवती के बाएं हाथ पर ‘नेहा’ नाम का टैटू बना हुआ है. वहीं दाहिने बाजू पर N और A अक्षर गुदे हुए पाए गए हैं. पुलिस का मानना है कि इन टैटू की मदद से मृतका की पहचान में मदद मिल सकती है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आएगी मौत की वजह
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि युवती की मौत कैसे हुई. ड्यूटी अधिकारी एएसआई अमनदीप सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी और आसपास के इलाके की जांच की जा रही है.
कई एंगल से जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस हत्या और शव ठिकाने लगाने के एंगल से जांच कर रही है. आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ड्रम वहां कौन छोड़कर गया था. पुलिस अब युवती की पहचान और मामले से जुड़े लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.
ये भी पढ़ें- कई हिस्सों में बदलेगा मौसम का मिजाज, मिलेगी भीषण गर्मी से राहत, इन 22 राज्यों में बारिश का अलर्ट