Punjab: CM भगवंत मान का बड़ा ऐलान, 45 दिनों में हर बाढ़ पीड़ित को मिलेगा शर्तिया मुआवजा

पंजाब में हाल ही आई बाढ़ से प्रभावित किसानों और परिवारों के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राहत एवं मुआवजा वितरण को लेकर एक निर्णायक कदम उठाया है. उन्होंने 45 दिनों के भीतर सभी प्रभावितों को मुआवजा देने का आदेश दिया है.

Punjab CM Bhagwant Mann vows to compensate all flood victims within 45 days
Image Source: ANI

चंडीगढ़: पंजाब में हाल ही आई बाढ़ से प्रभावित किसानों और परिवारों के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राहत एवं मुआवजा वितरण को लेकर एक निर्णायक कदम उठाया है. उन्होंने 45 दिनों के भीतर सभी प्रभावितों को मुआवजा देने का आदेश दिया है. साथ ही, फसलों, घरों और पशुओं के नुकसान का जल्द आकलन कर मुआवजा वितरण की प्रक्रिया को तीव्र करने पर भी जोर दिया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि पीड़ित लोगों को जल्द से जल्द मुआवजा देना सबसे जरूरी है. 

उन्होंने कहा, “एक किसान का बेटा होने के नाते मैं किसानों की परेशानियों को अच्छी तरह समझता हूं. जब तक प्रत्येक किसान को फसल नुकसान का मुआवजा नहीं मिल जाता, मैं चैन से नहीं सोऊंगा.” फसलों का नुकसान मापने के लिए कल से विशेष गिरदावरी शुरू हो जाएगी, जिसका काम 45 दिनों में पूरा कर लिया जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन जिलों में बाढ़ का असर नहीं पड़ा है, वहां के अधिकारी प्रभावित इलाकों में तैनात होंगे ताकि काम जल्द पूरा हो सके.

पूरी प्रक्रिया 45 दिनों के भीतर होगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पूरी प्रक्रिया 45 दिनों के भीतर पूरी कर ली जाएगी और इसके बाद किसानों को मुआवजे के चेक वितरित किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि जिन गांवों में फसल 100 प्रतिशत नष्ट हो गई है, वहां यह प्रक्रिया केवल एक महीने में पूरी कर ली जाएगी और तुरंत बाद चेक सौंपने शुरू कर दिए जाएंगे. भगवंत सिंह मान ने कहा कि पिछली सरकारों के समय मुआवजा वितरण में पूरा साल लग जाता था, लेकिन अब यह काम एक महीने या डेढ़ महीने में पूरा हो जाएगा क्योंकि एक ईमानदार सरकार लोगों की सेवा कर रही है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों को गांव-गांव जाकर नुकसान का जायजा लेना चाहिए और अपनी रिपोर्ट तैयार करनी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति को रिपोर्ट पर आपत्ति है, तो उनके पास इसे ठीक कराने के लिए एक सप्ताह का समय होगा. उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया 45 दिनों के भीतर पूरी हो जाएगी, और लोगों को उनके मुआवजे के चेक मिलना शुरू हो जाएंगे.

"42 परिवारों को सहायता राशि के चेक जारी"

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ के कहर से कुछ परिवारों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है. उन्होंने कहा कि भले ही हम उन्हें वापस नहीं ला सकते, लेकिन सरकार मुआवजे में कोई देरी न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी कोशिश कर रही है. उन्होंने कहा कि अब तक 55 मृत्यु की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें से 42 परिवारों को सहायता राशि के चेक जारी किए जा चुके हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संकट की घड़ी में राज्य सरकार लोगों के साथ खड़ी है. इस दौरान भगवंत सिंह मान ने ताजा स्थिति और पानी के प्रवाह के बारे में भी जानकारी ली और अधिकारियों को नदियों के टूटे तटबंधों की मरम्मत के लिए रोजाना निगरानी करने को कहा.

ये भी पढ़ें: पीएम मोदी मणिपुर, मिजोरम समेत 3 दिन में इन 5 राज्यों का करेंगे दौरा, देंगे कई बड़ी सौगात