PM Modi Meet Women Cricket Team: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज लोक कल्याण मार्ग स्थित अपने आवास पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम से मुलाकात की, जिसने हाल ही में साउथ अफ्रीका को हराकर पहली बार महिला विश्व कप का खिताब जीता है. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया ने रविवार को इतिहास रचते हुए पूरे देश का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया. इस खास मुलाकात में पीएम मोदी ने खिलाड़ियों से खुलकर बातचीत की और उनके संघर्ष, जज़्बे और जीत की कहानी सुनी.
हरमनप्रीत कौर ने प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान 2017 का वह पल याद किया जब टीम इंडिया फाइनल हार गई थी और वो ट्रॉफी के बिना पीएम मोदी से मिली थीं. उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “तब हमने वादा किया था कि अगली बार ट्रॉफी लेकर आएंगे, और आज वही वादा पूरा किया है.” प्रधानमंत्री मोदी ने टीम की हिम्मत और हौसले की तारीफ करते हुए कहा, “हार के बाद जो टीम फिर से उठकर दुनिया जीत लेती है, वही असली चैंपियन होती है.”
Prime Minister Narendra Modi today hosted the champions of the Women’s World Cup at his residence at Lok Kalyan Marg.
— ANI (@ANI) November 5, 2025
PM congratulated the team for the victory and praised their remarkable comeback in the tournament after a string of three defeats and the trolling they had… pic.twitter.com/5TYxNMEafK
“आप हमेशा इतने शांत कैसे रहते हैं?”
मुलाकात के दौरान हरमनप्रीत ने पीएम मोदी से एक दिलचस्प सवाल पूछा कि वह हर स्थिति में इतना शांत और वर्तमान में कैसे रहते हैं? इस पर पीएम ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “ये मेरे जीवन की आदत है. मैं हमेशा वर्तमान में जीता हूं, क्योंकि वही असली समय है.”
स्मृति मंधाना और दीप्ति शर्मा की प्रतिक्रिया
स्मृति मंधाना ने पीएम मोदी को “प्रेरणा का स्रोत” बताया. उन्होंने कहा, “हम सबके लिए प्रधानमंत्री मोदी एक प्रेरणा हैं. आज हर क्षेत्र में लड़कियां आगे बढ़ रही हैं, और इसमें उनका योगदान बेहद अहम है.” वहीं दीप्ति शर्मा, जिन्हें टूर्नामेंट की “प्लेयर ऑफ द सीरीज” चुना गया था, ने कहा कि वह इस मुलाकात का बेसब्री से इंतज़ार कर रही थीं.
चार्टर्ड फ्लाइट से दिल्ली पहुंची टीम
महिला टीम मंगलवार को स्टार एयर की चार्टर्ड फ्लाइट (S5 8328) से दिल्ली पहुंची थी. एयरपोर्ट से खिलाड़ियों को विशेष सुरक्षा में होटल और फिर प्रधानमंत्री आवास ले जाया गया, जहां देश की बेटियों का गर्मजोशी से स्वागत हुआ.
“आपने नया इतिहास लिखा”
पीएम मोदी ने कहा कि यह जीत सिर्फ खेल नहीं, बल्कि हर भारतीय महिला के आत्मविश्वास की कहानी है. उन्होंने कहा, “आपने दिखा दिया कि भारत की बेटियां किसी भी मैदान में पीछे नहीं हैं. यह सिर्फ ट्रॉफी नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की उम्मीदों की जीत है.”
यह भी पढ़ें- डुअल-यूज़ लॉजिस्टिक्स: क्या चीनी निर्माण से अवैध उपयोग वाली सप्लाई चेन उभर रही हैं?