घर में नहीं है तंदूर? प्रेशर कुकर में बनाएं होटल जैसी कुरकुरी तंदूरी रोटी

जब भी हम किसी होटल या रेस्टोरेंट में खाना खाने जाते हैं, तो दाल-सब्जी के साथ तंदूरी रोटी खाना खूब पसंद करते हैं. इसका स्वाद और हल्का कुरकुरापन खाने का मजा दोगुना कर देता है. लेकिन घर पर तंदूरी रोटी बनाने की बात आती है, तो कई लोग सोचते हैं कि इसके लिए बड़े तंदूर या ओवन की जरूरत होगी. जबकि ऐसा बिल्कुल नहीं है.

pressure-cooker-tandoori-roti-easy-recipe-at-home
Image Source: Internet

जब भी हम किसी होटल या रेस्टोरेंट में खाना खाने जाते हैं, तो दाल-सब्जी के साथ तंदूरी रोटी खाना खूब पसंद करते हैं. इसका स्वाद और हल्का कुरकुरापन खाने का मजा दोगुना कर देता है. लेकिन घर पर तंदूरी रोटी बनाने की बात आती है, तो कई लोग सोचते हैं कि इसके लिए बड़े तंदूर या ओवन की जरूरत होगी. जबकि ऐसा बिल्कुल नहीं है.

आप रोजाना इस्तेमाल होने वाले प्रेशर कुकर की मदद से भी घर पर स्वादिष्ट तंदूरी रोटी बना सकते हैं. इसके लिए न किसी खास मशीन की जरूरत है और न ही ज्यादा मेहनत करने की. बस आटा तैयार करने से लेकर रोटी सेंकने तक कुछ आसान बातों का ध्यान रखना होगा. आइए जानते हैं प्रेशर कुकर में तंदूरी रोटी बनाने की आसान रेसिपी.

तंदूरी रोटी बनाने के लिए सामग्री

- 2 कप मैदा
- 1 कप गेहूं का आटा
- 1 छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर
- चुटकी भर नमक
- आधा कप दही
- जरूरत के अनुसार हल्का गर्म दूध
- थोड़ी सी चीनी
- 2 बड़े चम्मच तेल
- बारीक कटा हुआ लहसुन
- बारीक कटा हरा धनिया
- थोड़ी सी कलौंजी
- जरूरत के अनुसार मक्खन या देसी घी

कुकर में तंदूरी रोटी बनाने का तरीका

स्टेप 1: तंदूरी रोटी बनाने के लिए एक बड़े बर्तन में मैदा और गेहूं का आटा लें. इसमें बेकिंग पाउडर और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब एक अलग कटोरी में हल्का गर्म दूध, दही, चीनी और तेल मिलाएं. इस मिश्रण को धीरे-धीरे आटे में डालते हुए नरम आटा गूंथ लें. इसके बाद आटे को ढककर करीब 30 मिनट के लिए रख दें.

स्टेप 2: आटा सेट होने के बाद इसकी छोटी-छोटी लोइयां बना लें. एक लोई लेकर उसे गोल या लंबा आकार देते हुए बेल लें. अब रोटी के ऊपर बारीक कटा लहसुन, हरा धनिया और थोड़ी सी कलौंजी डालें. बेलन की मदद से इन्हें हल्के हाथों से दबा दें, ताकि ये रोटी पर अच्छी तरह चिपक जाएं.

स्टेप 3: अब गैस पर प्रेशर कुकर को उल्टा करके गर्म करें. इस दौरान रोटी की दूसरी तरफ यानी जिस तरफ मसाले नहीं लगाए हैं, वहां थोड़ा पानी लगाएं. पानी लगी सतह को गर्म कुकर की अंदरूनी दीवार पर चिपका दें. इसी तरह कुकर की दीवारों पर 2 से 3 रोटियां लगा सकते हैं.

स्टेप 4: कुछ देर बाद रोटियां फूलने लगेंगी और उन पर सुनहरे-भूरे निशान दिखाई देने लगेंगे. जब रोटियां अच्छी तरह सिक जाएं, तो उन्हें सावधानी से निकाल लें. चाहें तो रोटी को गैस की आंच पर हल्का सा और सेंक सकते हैं. आखिर में गर्मागर्म रोटी पर मक्खन या देसी घी लगा दें.

दाल मखनी और पनीर के साथ करें सर्व

बस तैयार है आपकी स्वादिष्ट और कुरकुरी तंदूरी रोटी. इसे दाल मखनी, पनीर की सब्जी, मटर पनीर या अपनी पसंद की किसी भी ग्रेवी वाली सब्जी के साथ परोस सकते हैं. घर पर बनी यह रोटी खाने में रेस्टोरेंट जैसा स्वाद देगी.

यह भी पढ़ें: जयपुर की मशहूर गुलाब सकरी का चखना है स्वाद? नोट कर लें ये रेसिपी