भारत पहुंचे राष्ट्रपति पुतिन, पीएम मोदी खुद एयरपोर्ट पहुंचकर किया स्वागत; दोनों नेताओं के बीच दिखी गर्मजोशी

Putin India Visit: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दो दिवसीय भारत यात्रा के लिए दिल्ली पहुंच गए. पुतिन का स्वागत करने के लिए खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पालम एयरपोर्ट पहुंचे थे. इस दौरान दोनों ही वैश्विक नेताओं के बीच गर्मजोशी देखने को मिली. 

President Putin reached India PM Modi himself welcomed him at the airport
Image Source: ANI

Putin India Visit:  लंबे इंतजार के बाद रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दिल्ली पहुंच चुके हैं. विमान से बाहर आते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एयरपोर्ट पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाकर अभिवादन किया. स्वागत समारोह के तुरंत बाद दोनों नेता एक ही वाहन में सवार होकर प्रधानमंत्री आवास की ओर रवाना हुए. 

यह यात्रा इसलिए विशेष महत्व रखती है क्योंकि यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद यह पुतिन की पहली भारत यात्रा है. इसी वजह से राजधानी में कूटनीतिक और सुरक्षा तैयारियों को बेहद सख्त रखा गया है. दिल्ली के प्रमुख मार्गों पर रूसी ध्वज और स्वागत बैनरों की सजावट दिखाई दे रही है. प्रशासन ने ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा के लिए पहले से ही कई उपाय लागू कर दिए हैं ताकि यात्रा के कार्यक्रम में किसी तरह की बाधा न आए.

शिखर बैठक से पहले रक्षा मंत्रियों की अहम वार्ता

पुतिन के दिल्ली पहुंचने से कुछ घंटों पहले ही भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और रूस के रक्षा मंत्री के बीच महत्वपूर्ण बातचीत शुरू हो चुकी थी. यह बैठक दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग को नई दिशा देने के लिए निर्णायक मानी जा रही है.

चर्चा में संयुक्त रक्षा उत्पादन, सैन्य तकनीक के आदान-प्रदान, लॉजिस्टिक सपोर्ट और रक्षा उद्योगों में भविष्य की संभावनाओं पर व्यापक विचार-विमर्श होने की उम्मीद है. पुतिन के आगमन से ठीक पहले हुई यह बैठक दर्शाती है कि दोनों देश रणनीतिक साझेदारी को अगले स्तर पर ले जाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.

राष्ट्रपति पुतिन की सुरक्षा के लिए अभेद्य व्यवस्था

पुतिन की हर अंतरराष्ट्रीय यात्रा की तरह इस दौरे में भी सुरक्षा इंतजाम असाधारण स्तर पर किए गए हैं. उनकी सुरक्षा के लिए बहुस्तरीय कवच तैयार किया गया है जिसमें एनएसजी कमांडो, विशेष स्नाइपर्स, एंटी-ड्रोन तकनीक, जैमर सिस्टम और AI आधारित निगरानी उपकरण शामिल हैं.

दिल्ली के महत्वपूर्ण स्थानों पर उन्नत फेसियल रिकग्निशन कैमरे लगाए गए हैं ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पहचान हो सके. सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए रूस के चालीस से अधिक सुरक्षा विशेषज्ञ दिल्ली में मौजूद हैं, जो भारतीय एजेंसियों के साथ मिलकर पुतिन के मूवमेंट पर नजर रख रहे हैं. प्रधानमंत्री मोदी के साथ होने वाली बैठकों के समय एसपीजी का विशेष सुरक्षा तंत्र भी सक्रिय रहेगा.

यह भी पढ़ें- पुतिन के स्वागत के लिए तैयार है हैदराबाद हाउस, जानें इस लग्जीरियस महल की कीमत और खासियत