Prem Keetanu Trailer: कॉलेज की दोस्ती, पहला प्यार, क्रश और उससे पैदा होने वाली मजेदार उलझनों का डोज लेकर आ रही फिल्म ‘प्रेम कीटाणु’ को लेकर दर्शकों की एक्साइटमेंट लगातार बढ़ रही है. फिल्म के गानों के बाद अब मेकर्स ने इसका नया पोस्टर जारी कर ट्रेलर की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है. फिल्म का ट्रेलर कल रिलीज किया जाएगा और माना जा रहा है कि इसमें कहानी के साथ-साथ भरपूर कॉमेडी और रोमांस की झलक देखने को मिलेगी.
नए पोस्टर में दिखा मस्ती और हंगामे का अंदाज
मेकर्स द्वारा जारी किए गए नए पोस्टर में वीर पहाड़िया, आफिया सैयद, अपारशक्ति खुराना, राकेश बेदी और निखिल विजय नजर आ रहे हैं. सभी के चेहरे के एक्सप्रेशन और पोस्टर का पूरा अंदाज फिल्म की मजेदार और शरारती दुनिया की झलक देता है. एक ही फ्रेम में नजर आती यह पूरी टोली दोस्ती, प्यार और कॉलेज लाइफ के बीच होने वाले हंगामे की कहानी की ओर इशारा करती है.
गानों ने पहले ही बना दिया माहौल
ट्रेलर से पहले फिल्म के कई गाने रिलीज हो चुके हैं और इन्हें लेकर भी चर्चा देखने को मिली है. ‘अंडी बंडी’ जैसे जोशीले हॉस्टल सॉन्ग से लेकर रोमांटिक ट्रैक ‘कहो तो’, ‘तू मेरा रइयो’ और ‘इश्क का गुलाम’ तक, फिल्म का संगीत इसकी युवा कहानी के अलग-अलग रंग सामने लाता है. इन गानों में दोस्ती, क्रश, प्यार और दिल टूटने जैसी भावनाओं की झलक देखने को मिलती है.
दोस्ती, पहला प्यार और कॉलेज लाइफ की कहानी
अपूर्व सिंह कार्की के निर्देशन में बनी ‘प्रेम कीटाणु’ की कहानी युवाओं की उस दुनिया के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां दोस्ती के साथ पहली मोहब्बत दस्तक देती है और फिर शुरू होता है भावनाओं और उलझनों का सिलसिला. फिल्म में कॉलेज के वो पल दिखाने की कोशिश की गई है, जिन्हें युवा अपनी जिंदगी का सबसे यादगार दौर मानते हैं.
गौरव वर्मा का प्रोडक्शन डेब्यू
‘प्रेम कीटाणु’ निर्माता गौरव वर्मा के स्वतंत्र निर्माता के तौर पर डेब्यू को भी चिह्नित करती है. यह उनके नए स्टूडियो अवनिका फिल्म्स की पहली फिल्म है. फिल्म को फर्स फिल्म, भावना स्टूडियोज के सहयोग से प्रस्तुत कर रही है.
2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
फिल्म को लेकर अब सबसे ज्यादा नजर इसके ट्रेलर पर है, जो कल रिलीज होगा. इसके जरिए पहली बार कहानी, किरदारों और फिल्म के कॉमेडी-रोमांस वाले अंदाज की ज्यादा स्पष्ट झलक सामने आएगी. ‘प्रेम कीटाणु’ 2 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
ये भी पढ़ें- समय रैना और मेधा शंकर दिसंबर में करेंगे शादी? वायरल खबर पर कॉमेडियन ने दिया मजेदार जवाब, बोले- ‘टालना पड़ेगा’