इस बिमारी के चलते एडमिट हुए थे प्रेम चोपड़ा, शर्मन जोशी ने सोशल मीडिया पर किया खुलासा; अब कैसी है तबियत?

बॉलीवुड के अनुभवी अभिनेता प्रेम चोपड़ा हाल ही में तब चर्चा में आ गए जब नवंबर में अचानक दिल से जुड़ी समस्या के चलते उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. उम्र के इस पड़ाव में उनके स्वास्थ्य को लेकर फैन्स काफी चिंतित थे.

prem chopra severe aortic stenosis sharman Joshi reveals
Image Source: Social Media

बॉलीवुड के अनुभवी अभिनेता प्रेम चोपड़ा हाल ही में तब चर्चा में आ गए जब नवंबर में अचानक दिल से जुड़ी समस्या के चलते उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. उम्र के इस पड़ाव में उनके स्वास्थ्य को लेकर फैन्स काफी चिंतित थे. हालांकि इलाज के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया और अब वे घर पर आराम कर रहे हैं. इस बीच उनके दामाद और अभिनेता शरमन जोशी ने प्रेम चोपड़ा की हालत को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है.

शरमन जोशी ने अपने इंस्टाग्राम पर एक भावनात्मक पोस्ट साझा करते हुए बताया कि प्रेम चोपड़ा एओर्टिक स्टेनोसिस नामक गंभीर हार्ट कंडीशन से गुजर रहे थे. यह एक ऐसी स्थिति है जिसमें हृदय के एओर्टिक वाल्व का खुलना काफी संकरा हो जाता है, जिससे हार्ट पर दबाव बढ़ जाता है. चिकित्सकों की निगरानी में प्रेम चोपड़ा का TAVI (Transcatheter Aortic Valve Implantation) प्रोसिजर किया गया. यह आधुनिक प्रक्रिया हृदय को चीरकर ओपन-हार्ट सर्जरी किए बिना वाल्व बदलने की सुविधा देती है. सौभाग्य से यह प्रोसिजर सफल रहा और उनकी हालत अब बेहतर है.

अस्पताल से साझा की खास तस्वीरें

शरमन ने अपने पोस्ट में उस समय की कुछ तस्वीरें भी साझा कीं, जिनमें प्रेम चोपड़ा अस्पताल के बेड पर डॉक्टरों के साथ नज़र आ रहे हैं. दिलचस्प बात यह है कि अभिनेता जितेंद्र भी उन्हें देखने पहुंचे थे, जिसकी झलक तस्वीरों में साफ दिखाई देती है.

डॉक्टरों को परिवार की तरफ से धन्यवाद

पोस्ट में शरमन ने लिखा कि उनका परिवार कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. नितिन गोखले और इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. रविंदर सिंह राव का तहेदिल से आभारी है. उन्होंने लिखा पापा को गंभीर एओर्टिक स्टेनोसिस था. डॉ. राव ने बिना ओपन हार्ट सर्जरी किए सफलतापूर्वक TAVI प्रोसिजर किया. हर कदम पर डॉ. गोखले की मार्गदर्शन ने हमें आत्मविश्वास दिया. पापा अब घर पर हैं और काफी बेहतर महसूस कर रहे हैं. 

बॉलीवुड के सबसे प्रतिष्ठित विलेन्स में शुमार

प्रेम चोपड़ा का नाम बॉलीवुड इतिहास के उन कलाकारों में आता है जिन्होंने अपनी अलग पहचान से दर्शकों के दिलों पर छाप छोड़ी. करीब 6 दशकों के करियर में वे 380 से अधिक फिल्मों में नजर आए और विलेन के तौर पर उनका प्रभाव आज भी याद किया जाता है. 90 साल की उम्र में भी उनकी सक्रियता काबिल-ए-तारीफ है. हाल ही में वे रणबीर कपूर की फिल्म एनिमल और वेब सीरीज शोटाइम में दिखे थे, जिसने यह साबित किया कि अभिनय के प्रति उनकी ऊर्जा और जुनून आज भी वैसा ही है.

यह भी पढ़ें: क्या विराट कोहली मचाएंगे कपिल शर्मा शो पर धमाल? जानें कब हो रहा रिलीज