Prayagraj News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया. सरायमरेज थाना क्षेत्र के बरिया रामपुर रेलवे स्टेशन के पास पांच युवकों ने मिलकर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी. हमलावरों ने चाकू से ताबड़तोड़ वार किए और फिर युवक के प्राइवेट पार्ट को काटकर अपने साथ ले गए. यह घटना उस समय हुई जब पीड़ित युवक अपने चचेरे भाई के साथ रेलवे स्टेशन की ओर जा रहा था.
नौकरी छोड़कर घर लौट था
मृतक की पहचान जौनपुर के निभापुर गांव निवासी शुभम के रूप में हुई है. शुभम दिल्ली की एक कंपनी में काम करता था लेकिन सैलरी संबंधी समस्याओं के कारण उसने नौकरी छोड़ दी थी और हाल ही में घर लौट आया था. उसके पिता त्रिलोकी नाथ गांव में किसानी करते हैं, जबकि बड़ा भाई पुष्पेंद्र टेंट हाउस का काम करता है.
घटना के चश्मदीद बने चचेरे भाई
शनिवार को शुभम अपने चचेरे भाई पवन के साथ बरिया रामपुर रेलवे स्टेशन जा रहा था. पवन के अनुसार, स्टेशन के पास अचानक 4-5 युवक आए और दोनों भाइयों को पकड़ लिया. कुछ ने उसे रोके रखा और बाकी ने शुभम पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया. पवन ने बताया कि हमलावरों ने शुभम के साथ बेहद क्रूरता से पेश आते हुए उसका निजी अंग काट दिया और उसे अपने साथ ले गए. शुभम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
शुरुआती जांच में लेनदेन का विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में इस सनसनीखेज हत्या के पीछे आर्थिक लेनदेन का विवाद सामने आया है. डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि शुभम का जौनपुर के पैवरा थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति से लेनदेन का मसला था. दो संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और जांच जारी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.
हत्या की क्रूरता पर उठे सवाल
हालांकि, इस निर्मम हत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. अगर मामला केवल लेनदेन तक सीमित था, तो फिर निजी अंग काटने जैसी बर्बरता क्यों? इस सवाल पर फिलहाल पुलिस ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया है. स्थानीय लोग और शुभम के परिजन भी इस घटना से स्तब्ध हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: भाभी का सिर धड़ से किया अलग, फिर हाथ में लेकर घूमता रहा देवर, पुलिस ने किया गिरफ्तार तो बोला- मैं थाने ही आ रहा था..