प्रशांत किशोर को चलती सभा के बीच जाना पड़ा अस्पताल, जानें डॉक्टरों ने क्या कहा?

बिहार की सियासी सरगर्मियों के बीच जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर अचानक तबीयत बिगड़ने के चलते अस्पताल पहुंच गए. भोजपुर जिले के आरा में आयोजित एक जनसभा के दौरान, जब प्रशांत किशोर मंच पर बैठे थे.

prashant-kishor-hospital-in-the-middle-of-the-ongoing-ara-meeting-bihar
Image Source: ANI

Prashant Kishor In Ara: बिहार की सियासी सरगर्मियों के बीच जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर अचानक तबीयत बिगड़ने के चलते अस्पताल पहुंच गए. भोजपुर जिले के आरा में आयोजित एक जनसभा के दौरान, जब प्रशांत किशोर मंच पर बैठे थे, तभी उन्हें सीने में दर्द की शिकायत हुई. हालत ऐसी थी कि वे सभा को संबोधित भी नहीं कर सके और कार्यक्रम बीच में छोड़कर रवाना हो गए.

जनसंपर्क से मंच तक और फिर अस्पताल तक

प्रशांत किशोर इन दिनों बिहार में अपनी पार्टी जन सुराज के प्रचार अभियान में सक्रिय हैं. हर जिले, हर पंचायत और हर मंच से वे जनता से सीधा संवाद कर रहे हैं. शुक्रवार को भोजपुर में भी कुछ ऐसा ही कार्यक्रम तय था. रोड शो के दौरान लोगों से मिलने के लिए वे बार-बार गाड़ी से झुकते रहे, लेकिन इसी कोशिश में उनकी पसलियों में चोट लग गई. दर्द इतना बढ़ गया कि जब वे मंच पर पहुंचे, तो ज्यादा देर तक बैठना भी मुश्किल हो गया.

नेताओं ने दी जानकारी, समर्थकों में चिंता

जन सुराज पार्टी के नेताओं की मानें तो प्रशांत किशोर को जैसे ही असहज महसूस हुआ, उन्हें तुरंत मंच से हटाकर नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया. प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने पसलियों में मांसपेशियों के खिंचाव या हल्की चोट की आशंका जताई है. हालांकि स्थिति गंभीर नहीं है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है.

बिना किसी गठबंधन के मैदान में उतरने का एलान

तबीयत बिगड़ने से ठीक पहले प्रशांत किशोर ने यह साफ कर दिया था कि जन सुराज पार्टी बिहार की सभी सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी. न पहले किसी से गठबंधन था और न आगे कोई समझौता होगा. उनका कहना है कि बिहार की राजनीति को एक नई दिशा देने के लिए ही उन्होंने यह राजनीतिक यात्रा शुरू की है.

प्रशांत किशोर की यह यात्रा—सिर्फ एक प्रचार अभियान नहीं

यह पहली बार नहीं है जब प्रशांत किशोर ने जनता के बीच सीधे जाकर संवाद साधा हो. 2022 से वे बिहार के गांव-गांव में ‘जन सुराज पदयात्रा’ के ज़रिए अपनी बात कह रहे हैं. उनकी शैली भले पारंपरिक राजनीति से अलग हो, लेकिन जनता के बीच उनकी उपस्थिति लगातार बढ़ रही है. डॉक्टरों ने प्रशांत किशोर को फिलहाल आराम की सलाह दी है. हालांकि, उनके करीबियों का कहना है कि वे जल्द ही फिर से मैदान में उतरेंगे और प्रचार की कमान खुद संभालेंगे, पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें- दुनिया का पहला डुअल स्टेल्थ ड्रोन बना रहा भारत, रडार से बचकर सेकेंड्स में करता है अटैक, जानें ताकत