BCCI के नए चीफ सिलेक्टर बने प्रज्ञान ओझा, सिलेक्शन पैनल में 2 टेस्ट खेलने वाले खिलाड़ी की एंट्री

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने पूर्व क्रिकेटर प्रज्ञान ओझा को पुरुष टीम की चयन समिति का नया चेयरमैन बनाया है.

Pragyan Ojha becomes the new BCCI chief selector Selection Ramesh Powar
Image Source: Social Media

BCCI Selection Committee: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने पूर्व क्रिकेटर प्रज्ञान ओझा को पुरुष टीम की चयन समिति का नया चेयरमैन बनाया है. वहीं, पूर्व भारतीय स्पिनर रमेश पोवार को भी चयन समिति में शामिल किया गया है. पोवार ने अजित अगरकर की जगह ली है.

नई पुरुष चयन समिति में प्रज्ञान ओझा (चेयरमैन), शिव सुंदर दास, आरपी सिंह, अजय रात्रा और रमेश पोवार शामिल हैं.

इंटरनेशनल क्रिकेट में लिए 144 विकेट

प्रज्ञान ओझा ने भारत के लिए 24 टेस्ट, 18 वनडे और 6 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं. बाएं हाथ के स्पिनर ओझा ने टेस्ट में 113, वनडे में 21 और टी-20 इंटरनेशनल में 10 विकेट लिए. टेस्ट क्रिकेट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 47 रन देकर 6 विकेट रहा.

प्रथम श्रेणी क्रिकेट में ओझा के नाम 108 मैचों में 424 विकेट हैं. उन्होंने अपना आखिरी फर्स्ट क्लास मैच 2018 में बिहार की ओर से उत्तराखंड के खिलाफ खेला था.

आईपीएल में वह डेक्कन चार्जर्स और मुंबई इंडियंस की टीमों का हिस्सा रहे. उन्होंने लीग में 92 मैच खेले और 89 विकेट हासिल किए. हालांकि, 2015 के बाद वह आईपीएल में किसी टीम के लिए नहीं खेले.

रमेश पोवार ने भारत के लिए खेले 33 मैच

रमेश पोवार ने भारतीय टीम के लिए 2 टेस्ट और 31 वनडे मैच खेले हैं. वह घरेलू क्रिकेट में मुंबई की ओर से खेल चुके हैं. क्रिकेट से संन्यास के बाद उन्होंने कोचिंग में भी काम किया और भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभाली.

दो बार भारतीय महिला टीम के कोच बने

रमेश पोवार को पहली बार 2018 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम का मुख्य कोच बनाया गया था. इसके बाद मई 2021 में उन्हें दोबारा यह जिम्मेदारी सौंपी गई. हालांकि, उनके कोच रहने के दौरान टीम से जुड़े कुछ विवाद भी सामने आए.

मिताली राज के साथ हुआ था विवाद

रमेश पोवार का नाम 2018 महिला टी-20 विश्व कप के दौरान मिताली राज के साथ हुए विवाद को लेकर भी चर्चा में आया था. मिताली ने पोवार पर भेदभाव करने, अपमानित करने और उनके करियर को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए थे.

यह विवाद तब बढ़ गया, जब मिताली को इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में टीम से बाहर रखा गया. इसके बाद पोवार को मुख्य कोच के पद से हटा दिया गया था.